Students union officials opened a front regarding the problems of Ranikhet PG College
रानीखेत (अल्मोड़ा)। रानीखेत पीजी कॉलेज में व्याप्त समस्याओं को लेकर छात्र संघ ने मोर्चा खोल दिया है। पदाधिकारियों ने नए विषयों की स्वीकृति सहित प्राध्यापकों की नियुक्ति और अन्य समस्याओं का निराकरण करने की मांग की है। ऐसा नहीं होने पर एक माह के भीतर आंदोलन करने की चेतावनी दी है।
छात्र संघ अध्यक्ष मनीष भैसोड़ा की अध्यक्षता में हुई बैठक में पदाधिकारियों ने कहा कि रानीखेत का पीजी कॉलेज पूरे क्षेत्र का एकमात्र कालेज है। लेकिन यहां समस्याओं का अंबार लगा हुआ है। इसके लिए कई बार आंदोलन भी किया गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो पा रही है। यहां संचालित बीएड और वाणिज्य संकाय का भवन तक नहीं है। यह समस्या वह पूर्व में भी उठा चुके हैं।
संस्कृत, शिक्षा शास्त्र, कृषि, योग विज्ञान, कला, कंप्यूटर विज्ञान, बीएससी वानिकी आदि विषय न होने से छात्र-छात्राओं को पढ़ाई करने के लिए अन्यत्र रुख करना पड़ रहा है। खेल मैदान छोटा होने के कारण यहां प्रतियोगिताएं कराने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। बैठक में महाविद्यालय की चहारदीवारी नहीं होने पर भी आक्रोश जताया गया।
आपराधिक घटनाओं को रोकने के लिए वहां सीसीटीवी की व्यवस्था तक नहीं है। कहा कि यदि एक माह के भीतर सार्थक कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा। बैठक में महासचिव सुधांशु भट्ट, कोषाध्यक्ष योगेश बिष्ट, उपाध्यक्ष पूरन बिष्ट, छात्रा उपाध्यक्ष कोमल पंत, संयुक्त सचिव सुनील आर्या आदि मौजूद थे।