एलएलबी प्रवेश परीक्षा तिथि नहीं बढ़ने से नाराज छात्र संघ पदाधिकारियों ने इस्तीफा दिया
- फोटो : अमर उजाला
कुविवि की एलएलबी प्रवेश परीक्षा की अंतिम तिथि आगे नहीं बढ़ाए जाने पर एसएसजे परिसर अल्मोड़ा के छात्रसंघ पदाधिकारी भड़क गए। विरोध में छात्र संघ अध्यक्ष सहित पांचों पदाधिकारियों ने शुक्रवार को अधिष्ठाता छात्र कल्याण को लिखित इस्तीफे सौंप दिए। इस्तीफा देने से पहले छात्रसंघ पदाधिकारियों ने परिसर में लगे छात्रसंघ बोर्ड पर पेंट भी डाल दिया। परिसर प्रशासन ने इस्तीफा मंजूर नहीं किया है। परिसर निदेशक का कहना है कि छात्र संघ पदाधिकारियों को मना लिया जाएगा।
छात्रसंघ पदाधिकारी कुछ दिनों से एलएलबी प्रवेश परीक्षा की तिथि आगे बढ़ाने की मांग कर रहे थे। पदाधिकारियों का कहना था कि तिथि का पता नहीं चल पाने के कारण कुछ छात्र अपना प्रवेश परीक्षा फार्म भरने से वंचित हो गए हैं।
इस संबंध में उन्होंने बृहस्पतिवार को परिसर प्रशासन को ज्ञापन भी सौंपा था और प्रवेश परीक्षा फार्म की तिथि नहीं बदले जाने पर शुक्रवार से क्रमिक अनशन शुरू करने की चेतावनी भी दी थी लेकिन परिसर में परीक्षाएं शुरू होने के कारण छात्रसंघ पदाधिकारियों ने परिसर में लगे छात्रसंघ बोर्ड में पेंट डाल दिया और सामूहिक रूप से इस्तीफा देते हुए इस आशय का लिखित पत्र अधिष्ठाता छात्र कल्याण को प्रस्तुत किया।
छात्रसंघ पदाधिकारियों का कहना था कि एलएलबी की प्रवेश परीक्षा तिथि आगे बढ़ाने की उनकी मांग को नजर अंदाज किया गया। इससे आहत होकर वह लोग इस्तीफा दे रहे हैं। इस्तीफा देने वालों में छात्रसंघ अध्यक्ष सुनील सिंह कठायत, उपाध्यक्षा मनीषा बर्गली, उपसचिव दीपक कनवाल, महासचिव आशीष पंत, कोषाध्यक्ष मनीष टम्टा शामिल हैं।
छात्रसंघ पदाधिकारियों ने आवेश में आकर ऐसा निर्णय लिया है। एलएलबी की प्रवेश परीक्षा तिथि आगे बढ़ाना संभव नहीं है। छात्रसंघ पदाधिकारियों को मना लिया जाएगा। फिलहाल उनका इस्तीफा मंजूर नहीं किया गया है। - प्रो. आरएस पथनी, परिसर निदेशक, एसएसजे परिसर कुविवि, अल्मोड़ा।