प्रदर्शन करते छात्राएं और अभिवावक।
- फोटो : अमर उजाला
जीजीआईसी चौखुटिया में तैनात जीव विज्ञान प्रवक्ता को जीआईसी महाकालेश्वर संबद्ध किए जाने से जीजीआईसी के अभिभावक और निकटवर्ती क्षेत्रों के पंचायत प्रतिनिधियों के साथ ही छात्राएं भी भड़क गई हैं। अभिभावकों ने जीव विज्ञान प्रवक्ता को अन्यत्र भेजे जाने की स्थिति में विद्यालय में तालाबंदी के साथ अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू करने का ऐलान कर दिया है।
शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने जीआईसी महाकालेश्वर में तीन विद्यालयों से तीन प्रवक्ताओं की नियुक्ति का आदेश देकर किसी तरह आंदोलन समाप्त तो करा लिया, परंतु अब जिन विद्यालयों से प्रवक्ता संबंद्ध किए गए हैं वहां आंदोलन की नौबत आ गई है। इसी क्रम में जीजीआईसी चौखुटिया के अभिभावक भी भड़क गए हैं अभिभावकों का कहना है कि विद्यालय से भौतिक विज्ञान की प्रवक्ता पहले ही चली गई हैं अब जीव विज्ञान प्रवक्ता को अन्यत्र संबद्ध किए जाने से शिक्षण व्यवस्था चौपट करने का षड्यंत्र किया जा रहा है, जिसे किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अभिभावाकों ने प्रधानाचार्य को सौंपे ज्ञापन में जीव विज्ञान प्रवक्ता को कार्यमुक्त न करने की हिदायत देते हुए विद्यालय में तालाबंदी करने के साथ ही अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू करने का ऐलान किया है।
विद्यालय पहुंचे अभिभावकों ने इसको लेकर नारेबाजी भी की। इधर छात्राओं का कहना है कि एक ओर बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ की बात कही जाती है वहीं बेटियों के स्कूलों से शिक्षिकाओं को हटाकर समस्या पैदा की जा रही है। इस मौके पर पीटीए अध्यक्ष खीमानंद जोशी, प्रबंध समिति अध्यक्ष गोपाल मनराल, अनुराधा कैड़ा प्रधान दानसिंह, शारदा देवी व दयाल महरा आदि शामिल थे।