अल्मोड़ा एएसएसजे विश्वविद्यालय में बीएड प्रवेश परीक्षाफल में गलत कोडिंग के चलते अधिक नंबर लाने वाले अभ्यर्थियों को सरकारी कॉलेज नहीं मिल रहे। इसके उलट कम नंबर लाने वाले अभ्यर्थियों को सरकारी कॉलेज आवंटित हुए हैं।
अल्मोड़ा एएसएसजे विश्वविद्यालय में अजब-गजब मामला सामने आया है। बीएड प्रवेश परीक्षाफल में गलत कोडिंग के चलते अधिक नंबर लाने वाले अभ्यर्थियों को सरकारी कॉलेज नहीं मिल रहे। इसके उलट कम नंबर लाने वाले अभ्यर्थियों को सरकारी कॉलेज आवंटित हुए हैं। काउंसिलिंग के बाद जारी अंतिम सूची में यह खामी सामने आई है जिसकी वजह से चार जिलों के 500 से अधिक बीएड अभ्यर्थी परेशान हैं।
विज्ञापन
बीते दिनों एसएसजे विवि से संबद्ध अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, बागेश्वर, चंपावत परिसर और रानीखेत, बनबसा, लोहाघाट, बेड़ीनाग महाविद्यालय में बीएड की 550 सीट पर प्रवेश के लिए प्रमाणपत्रों की जांच के बाद अंतिम सूची जारी हुई है। इन परिसर और महाविद्यालय में बीएड की 400 नि:शुल्क सीट हैं और 150 अभ्यर्थियों को निजी कॉलेज में प्रवेश दिया जाना है। अंकों के हिसाब से सरकारी और निजी कॉलेज आवंटित होने हैं, इसके लिए जारी अंतिम सूची में विवि प्रबंधन की बड़ी लापरवाही उजागर हुई है जो अभ्यर्थियों पर भारी पड़ रही है।
गलत कोडिंग के चलते कम अंक लाने वाले अभ्यर्थियों के नाम सरकारी महाविद्यालयों की सूची में दर्ज हैं तो अधिक अंक लाकर भी अभ्यर्थियों को निजी महाविद्यालय की सूची में डाल दिया गया है। ऐसे में अभ्यर्थी हैरान-परेशान हैं। हालांकि, विवि प्रबंधन इस खामी को जल्द दूर कर अभ्यर्थियों को राहत पहुंचाने के दावे कर रहा है।
निश्चित तौर पर गलत कोडिंग के कारण यह दिक्कत आई है, इसे दूर करने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द यह दिक्कत दूर होगी।
-डॉ. मुकेश सामंत, परीक्षा नियंत्रक, एसएसजे विवि, अल्मोड़ा।