जीआईसी मजखाली के वार्षिकोत्सव में कार्यक्रम पेश करते बच्चे।
- फोटो : अमर उजाला
रानीखेत (अल्मोड़ा)। जीआईसी मजखाली के वार्षिकोत्सव में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम मची रही। कार्यक्रमों के माध्यम से छात्र-छात्राओं ने जहां स्वच्छता का संदेश दिया वहीं बेटी पढ़ाओ बेटी बचाओ के माध्यम से बालिकाओं के संरक्षण पर भी जोर दिया। नशा उन्मूलन के लिए भी छात्र-छात्राओं ने मंच से जागरूकता का पाठ पढ़ाया। इससे पहले खंड शिक्षा अधिकारी एसएस बिष्ट ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
प्रधानाचार्य राजीव विद्यार्थी की अध्यक्षता में हुए वार्षिकोत्सव का शुभारंभ स्वागत गीत के माध्यम से हुआ। इसके बाद छात्र छात्राओं ने स्वच्छ भारत का इरादा कर लिया हमने गीत की प्रस्तुति से समां बांध दिया। बेडू पाको बारमासा गीत ने सबको झूमने पर विवश कर दिया। रुमाली को गांठा और देश रंगीला गीत ने भी जमकर धूम मचाई।
संचालन करते हुए समन्वयक मनीष अधिकारी ने नशा उन्मूलन और स्वच्छता के लिए छात्र-छात्राओं को शपथ भी दिलाई। प्रधानाचार्य राजीव विद्यार्थी ने अतिथियों का स्वागत किया। मुख्य अतिथि बीईओ एसएस बिष्ट ने कार्यक्रमों की सराहना कर छात्र-छात्राओं से अनुशासन में रहकर आगे बढ़ाने का आह्वान किया गया।
अशोक हॉल गर्ल्स स्कूल की प्रधानाचार्या अजंता कर, ज्येष्ठ प्रमुख महेंद्र बिष्ट, भुवन बिनवाल, संजय लोहनी, डॉ. कमल तिवारी, अशोक कुमार, राधेश्याम गुप्ता, भुवन भाष्कर, राजेश कुमार पांडे, प्रमोद कुमार पांडे, दीपक तिवारी, ललित करगेती, योगेश उपाध्याय थे।