13025 विद्यार्थी बोर्ड की परीक्षा देंगे जिले में, 90 प्रतिशत कोर्स पूरा करने का दावा
संवाद न्यूज एजेंसी
अल्मोड़ा। शिक्षा विभाग हाईस्कूल और इंटर का 90 प्रतिशत कोर्स पूरा करने के दावे कर रहा है लेकिन बगैर शिक्षकों के विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा के लिए तैयार करना चुनौती से कम नहीं है। परीक्षा से पहले विद्यार्थियों की प्रयोगात्मक परीक्षाएं भी होंगी। जिले के विद्यालयों में प्रयोगशाला और उपकरण तो पर्याप्त हैं लेकिन विद्यार्थियों को प्रयोग कराने के लिए विज्ञान शिक्षक नहीं हैं। ऐसे में विद्यार्थी बोर्ड परीक्षा की तैयारी को लेकर परेशान हैं।
जिले में 166 इंटर कॉलेज और 97 हाईस्कूल संचालित हैं। इनमें इस बार 13025 विद्यार्थी बोर्ड की परीक्षा देंगे। जल्द प्री बोर्ड की परीक्षा होगी। ऐसे में शिक्षा विभाग 90 प्रतिशत कोर्स पूरा करने के दावे कर रहा है। बिना शिक्षकों के कोर्स पूरा कर इसका विद्यार्थियों को कितना लाभ मिलेगा यह बड़ा सवाल है। ऐसा इसलिए कि जिले में हाईस्कूल और इंटर कॉलेज में शिक्षकों के 232 पद रिक्त हैं। ऐसे में बगैर शिक्षकों के कोर्स पूरा कर विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा के लिए तैयार करना विभाग के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है। विज्ञान वर्ग का हाल खराब है। जिले के हाईस्कूल और इंटर कॉलेज में भौतिक विज्ञान के 76, रसायन विज्ञान के 51, जीव विज्ञान के 52 शिक्षक नहीं हैं। इन हालात में विद्यार्थियों को विज्ञान का ज्ञान उपलब्ध कराना मुश्किल हो रहा है। प्रयोगशालाओं में प्रयोग कराने वाले नहीं हैं। ऐसे में कोर्स पूरा कर विद्यार्थियों को बोर्ड परीक्षा के लिए तैयार करने के दावे हो रहे हैं।
ट्यूशन के लिए भी नहीं मिल रहे शिक्षक
अल्मोड़ा। नगर क्षेत्र में बोर्ड परीक्षा की तैयारी के लिए विद्यार्थी ट्यूशन का सहारा ले रहे हैं लेकिन दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों के लिए ऐसा कर पाना असंभव है। स्याल्दे, सल्ट, देघाट, लमगड़ा, जागेश्वर सहित अन्य हिस्सों में ट्यूशन पढ़ाने वाले शिक्षक भी विद्यार्थियों को नहीं मिल पा रहे हैं। ऐसे में बोर्ड परीक्षा का समय नजदीक आने के साथ ही विद्यार्थियों और अभिभावकों की चिंता बढ़ने लगी है।
बोर्ड परीक्षार्थियों का कोर्स 90 प्रतिशत पूरा हो चुका है। प्री बोर्ड परीक्षा में उनकी क्षमता का आंकलन किया जाएगा। जहां कमी होगी, वह दूर होगी। जहां शिक्षक नहीं हैं वहां अतिथि शिक्षकों की तैनात की गई है।-अंबा दत्त बलोदी, सीईओ, अल्मोड़ा।