एसएसजे परिसर के पूर्व छात्रसंघ कोषाध्यक्ष पंकज बिष्ट और अन्य छात्रों के साथ कथित रूप से मारपीट करने वाले पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर एसएसजे परिसर के छात्रों ने बुधवार को परिसर बंद करा दिया। इसके बाद छात्र जुलूस के रूप में माल रोड पहुंचे और गोविंद बल्लभ पंत पार्क के सामने सड़क में जाम लगा दिया। जाम लगने से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। करीब एक घंटे बाद पुलिस क्षेत्राधिकारी से लिखित आश्वासन मिलने के बाद छात्रों ने जाम खोल दिया।
छात्रों ने पुलिस पर पूर्व छात्रसंघ कोषाध्यक्ष पंकज बिष्ट के साथ मारपीट करने का आरोप लगाते हुए जुलूस निकाला और दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग को लेकर बुधवार को माल रोड में गोविंद बल्लभ पंत पार्क के सामने सड़क में जाम लगा दिया। छात्रों ने पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस मौके पर हुई सभा में वक्ताओं ने आरोप लगाया कि पुलिस ने बेवजह पूर्व छात्रसंघ कोषाध्यक्ष और कुछ छात्रों की पिटाई की है। उन्होंने दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की।
बाद में सीओ आरएस टोलिया मौके पर पहुंचे और छात्रों से वार्ता की। छात्र पुलिस से लिखित आश्वासन देने की मांग करने लगे। बाद में सीओ आरएस टोलिया ने छात्रों को दोषी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने का लिखित आश्वासन दिया तो छात्रों ने जाम खोल दिया। छात्रों ने दोषी पुलिस कर्मियों ने खिलाफ कार्रवाई नहीं होने पर पुन: आंदोलन करने का एलान किया।
जाम लगाने वालों में छात्रसंघ अध्यक्ष अक्षित पांडे, उपाध्यक्ष हिमांशु कांडपाल, उप सचिव रजत मेहरा, कोषाध्यक्ष कल्पित रावत, सांस्कृतिक संयोजक नीरज बिष्ट, विवि प्रतिनिधि मनोज मेहरा, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष भूपेंद्र भोज, राजेंद्र बिष्ट, सुनील बिष्ट, संदीप जंगपांगी, अशोक कनवाल, संजय वाणी, देवाशीष नेगी, अशोक सिंह, मनोज बोथयाल, ललित बिष्ट, विनीत बिष्ट, नरेंद्र बगड़वाल, रवि कुमार, सुभांशु रौतेला, ललित सतवाल, निखलेश पवार, उपसचिव अतुल वर्मा, गोकुल खनी, कोषाध्यक्ष मनोज बिष्ट, दीपक पाटनी, संजीव कर्म्याल समेत काफी संख्या में छात्र शामिल थे।