छात्रों ने परिसर मार्ग पर धरना दिया और सांकेतिक जाम लगाया
- फोटो : अमर उजाला
एसएसजे परिसर में एलएलबी प्रवेश परीक्षा की अंतिम तिथि नहीं बढने से छात्रों में रोष बढ़ता जा रहा है। शनिवार को छात्रों ने मांगों को नजर अंदाज किए जाने का विरोध करते हुए परिसर से लोअर मालरोड को जाने वाले मार्ग पर सांकेतिक जाम लगाया और क्रमिक अनशन शुरू कर दिया। बाद में परिसर प्रशासन ने पुलिस की मौजूदगी में छात्रों की कुछ मांगों पर जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद छात्र शांत हुए।
एलएलबी प्रवेश परीक्षा की तिथि बढ़ाए जाने की मांग कर रहे छात्रसंघ पदाधिकारियों (उपाध्यक्ष को छोड़कर) ने शुक्रवार को त्यागपत्र दे दिया था। शनिवार को सांकेतिक जाम के दौरान छात्रों ने कहा कि अभी तक अंक तालिकाओं में त्रुटियों का समाधान नहीं हो पाया है। परिसर गेट और पार्किंग के निर्माण में सिर्फ लिखित आश्वासन मिला है।
इस्तीफा दे चुके छात्रसंघ महासचिव आशीष पंत ने कहा कि जब तक छात्रसंघ की मांगे नहीं मानी जाएंगी वह लोग आंदोलन करते रहेंगे। इधर, छात्रों के हंगामे को देखते हुए परिसर प्रशासन और पुलिस ने छात्रसंघ पदाधिकारियों और छात्रों को मनाने का प्रयास किया। काफी देर बाद परिसर प्रशासन द्वारा छात्रसंघ की कुछ मांगों को पूरा करने का आश्वासन मिलने के बाद छात्र शांत हुए।
धरने में छात्रसंघ अध्यक्ष सुनील सिंह, सचिव आशीष पंत, कोषाध्यक्ष मनीष टम्टा, उपसचिव दीपक कनवाल, छात्रा उपाध्यक्ष मनीषा आदि थे। इधर, परिसर निदेशक प्रो. आरएस पथनी ने बताया कि एलएलबी प्रवेश तिथि परीक्षा में परिवर्तन करना संभव नहीं है, लेकिन छात्रों की अन्य मांगों को पूरा कर लिया जाएगा।