ताकुला विकासखंड के भूमिहीन परिवारों को भूमि और बच्चों को जाति प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं कराने से ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों का शिष्टमंडल सोमवार को जिलाधिकारी सविन बंसल से मिला और उन्हें ज्ञापन सौंपा।
जिलाधिकारी ने शिष्टमंडल को कांडे गांव में 20 अगस्त को कैंप आयोजित करने का आश्वासन दिया। ज्ञापन में कहा है कि ताकुला ब्लॉक के कांडे, कोतवाल गांव, पनरेगांव आदि में अनुसूचित जाति, पिछड़ी जाति के कई परिवार भूमिहीन हैं। यहां के मूल निवासी होने के बावजूद इन परिवारों को आजादी के कई साल गुजर जाने के बाद भी एक इंच जमीन नहीं मिल सकी है।
राजकीय स्कूलों में अध्ययनरत भूमिहीन परिवारों के बच्चों को छात्रवृत्ति के लिए जाति प्रमाण पत्र की आवश्यकता पड़ रही है, लेकिन उनके नाम भूमि न होने के कारण जाति प्रमाण पत्र भी नहीं बन पा रहे हैं। शिष्टमंडल में शामिल लोगों ने बताया कि जिलाधिकारी सविन बंसल ने 20 अगस्त को कांडे गांव में कैंप का आयोजन करने का आश्वासन दिया है। शिष्टमंडल में सामाजिक कार्यकर्ता ईश्वर जोशी, डीवाईएफआई के यूसुफ तिवारी, नवीन चंद्र आर्या, जोगा राम, राम लाल, बची राम, पन राम, पूरन चंद्र आर्या, अनिल कुमार आदि शामिल थे।