अल्मोड़ा राजकीय महाविद्यालय गुरुड़ाबांज में विषयों के पदों का सृजन करने समेत अन्य मांगों को लेक
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा। राजकीय महाविद्यालय गुरुड़ाबांज में स्वीकृत अंग्रेजी, भूगोल, अर्थशास्त्र, शिक्षा शास्त्र विषयों में पदों का सृजन करने समेत अन्य मांगों के लिए एबीवीपी का क्रमिक अनशन शनिवार को भी जारी रहा। छात्रों ने मांगें पूरी न होने पर कॉलेज में तालाबंदी की चेतावनी दी है।
इस मौके पर हुई सभा में परिषद के प्रदेश सह मंत्री और पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष राजन चंद्र जोशी ने कहा कि यह लड़ाई छात्रों की सरकार और प्रशासन के खिलाफ है। छात्रों की मांगों को प्रशासन और सरकार नजरअंदाज कर रही है। क्रमिक अनशन को छह दिन हो गए हैं लेकिन अब तक छात्रों से मिलने कोई नहीं आया। वक्ताओं ने कहा कि वोट बैंक के लिए सरकारों ने जगह-जगह महाविद्यालय तो खोल दिए लेकिन उनमें न ही कोई सुविधा है न ही विषय और शिक्षक हैं।
वर्ष 2006 में गुरुड़ाबांज महाविद्यालय अस्तित्व में आने के बाद अब तक महाविद्यालय में न ही पीजी के कोई विषय खोले गए और न ही बीएससी की मान्यता दी गयी। सरकार द्वारा मात्र 12 किमी की दूरी में एक और महाविद्यालय दन्यां में खोल दिया गया। यहां बीए और बीएससी की कक्षा के संचालन की मान्यता भी दे दी गई जो सौतेला व्यवहार है। मांगें पूरी न होने पर महाविद्यालय को अनिश्चितकाल के लिए बंद कर दिया जाएगा। क्रमिक अनशन में परिषद के विभाग संगठन मंत्री शिवम पांडे, पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष बसंत चम्याल, कुमाऊं संयोजक दीपक भैसोड़ा, गौरव नैनवाल, रंजीत गैड़ा, हेमा गैड़ा, हर सिंह बिष्ट, गणेश लाल शाह आदि बैठे।