तहसील में प्रदर्शन करतीं महिलाएं।
- फोटो : अमर उजाला
सालम में शराब की अवैध बिक्री रोकने की मांग को लेकर क्षेत्र की महिलाओं ने बुधवार को भी जैंती तहसील कार्यालय प्रांगण में धरना दिया और नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। धरना स्थल पर हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि जब तक शराब की अवैध बिक्री बंद नहीं होगी तब तक आंदोलन जारी रखा जाएगा।
उन्होंने कहा कि सालम के जैंती में डिग्री कालेज, आईटीआई, पॉलीटेक्निक समेत कई शिक्षण संस्थान हैं। जिसमें सैकड़ों छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। शराब की अवैध बिक्री के कारण क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है। इसका असर शिक्षण संस्थानों पर भी पड़ रहा है। शराब के अवैध कारोबार में संलिप्त लोग कई बार छात्रों को लालच देकर उन्हें नशेड़ी बना रहे है। इससे जहां उनकी पढ़ाई चौपट हो रही हैऽ वहीं उनका जीवन भी बर्बाद हो रहा है। पुलिस और प्रशासन को इस संबंध में कई बार सूचना दी गई लेकिन, शराब के अवैध कारोबारियों के खिलाफ अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
उन्होंने कहा कि शाम होते ही शराबियों का आतंक बढ़ जाता है। इस कारण महिलाओं का अकेले राह चलना मुश्किल हो रहा है। नया संग्रौली की क्षेत्र पंचायत सदस्य धना धौनी ने कहा कि जब तक शराब की अवैध बिक्री रोकी नहीं जाएगी तब तक आंदोलन जारी रखा जाएगा। धरने पर आशा धौनी, गोधनी देवी, खष्टी देवी, पुष्पा देवी, देवकी देवी, लीला देवी, गौरव धौनी, राजू जोशी, भुवन जोशी समेत पुभाऊं, संग्रौली की महिलाएं बैठीं।