अल्मोड़ा। गोवर्धन पूजा पर ताकुला ब्लॉक के विजयपुर पाटिया में मंगलवार को पारंपरिक बग्वाल (पाषाण युद्ध) खेला गया। दो खामों में बंटे रणबांकुरों ने एक-दूसरे पर जमकर पत्थर बरसाए। 56 मिनट तक चले इस पाषाण युद्ध में 12 बग्वालीवीर मामूली रूप से घायल हुए। इस बार चार गांवों के 100 से अधिक वीरों ने बग्वाल में हिस्सा लिया। दोनों ओर से पत्थरों की बारिश के बीच कोट्यूड़ा गांव के रवि सिंह बिष्ट ने सबसे पहले पंचघटिया नदी में उतरकर पानी पी लिया। इसके साथ ही उनकी खाम को विजयी घोषित किया गया।
पाषाण युद्ध में पाटिया, भटगांव और कसून के बग्वालीवीर नदी के एक तरफ से मैदान में उतरे जबकि दूसरी ओर कोट्यूड़ा गांव के वीरों ने मोर्चा संभाला। दोनों दलों के बीच पत्थर बरसाने का सिलसिला चलता रहा। बग्वाल जीतने के लिए दोनों ओर के वीर एक-दूसरे को नदी तक पहुंचने से रोकने की कोशिश करते रहे। आखिरकार कोट्यूड़ा के रवि सिंह बिष्ट सबसे पहले नदी का पानी पीने में सफल रहे। उनके पानी पीते ही शंख ध्वनि हुई और पत्थरों की बरसात थम गई।
पानी पीने वाला दल होता है विजयी
पाटिया में गोवर्धन पूजा के दिन बग्वाल खेलने की परंपरा है। इसमें दो खामों के बग्वालीवीर एक-दूसरे पर पत्थर बरसाते हैं। जो दल दूसरे दल के हमलों से बचते हुए सबसे पहले पंचघटिया नदी में उतरकर पानी पी लेता है उसे विजेता घोषित किया जाता है। पिछले वर्ष पाटिया-भटगांव के बग्वालीवीरों ने बग्वाल जीती थी।
-
ढोल-नगाड़ों के नाद से बढ़ता रहा रणबांकुरों का जोश
बग्वाल के दौरान ढोल-नगाड़ों की गूंज से पूरा क्षेत्र उत्साह से सराबोर रहा। ढोल की थाप के बीच दोनों ओर के बग्वालीवीर पूरे जोश के साथ पत्थर बरसाते रहे। युद्ध के दौरान घायल होने वाले वीरों का स्थानीय स्तर पर उपचार किया गया। परंपरा के अनुसार घावों पर मिट्टी लगाकर प्राथमिक उपचार भी किया जाता है।
बच्चों से बुजुर्गों तक में दिखा उत्साह
पाषाण युद्ध देखने के लिए बसौली, ताकुला, खड़ाऊ, चुराड़ी, पाटिया, भटगांव, कोट्यूड़ा, कसून, भेटुली, जाखसौड़ा, मैचोर और पिल्खा सहित आसपास के कई गांवों से बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक में बग्वाल को लेकर खासा उत्साह रहा। लोगों में इस पारंपरिक युद्ध को मोबाइल में कैद करने की होड़ लगी रही। दर्शकों ने अलग-अलग स्थानों से फोटो और वीडियो बनाए। वहां क्षेत्र पंचायत सदस्य सोनू कुमार, प्रधान भावना आर्या, ललित प्रसाद, जीवन लाल, संजय, बंशी लाल, जगदीश राम, प्रधान प्रतिनिधि भुवन चंद्र आर्या, विनोद सिंह बिष्ट, महेंद्र सिंह बिष्ट, राजेंद्र सिंह बिष्ट, मनोज सिंह बिष्ट, दया पांडे आदि मौजूद रहीं।