अल्मोड़ा। बरसात में संभावित आपदा के तहत जिले में राशन की समस्याओं को लेकर जिला पूर्ति विभाग ने कमर कस ली है। विभाग की ओर से दो माह का एडवांस राशन गोदाम में रखे जाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। जिले के विभिन्न गोदामों में राशन पहुंचने भी लगा है। बरसात से पूर्व ही राशन का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध होने से वर्षाकाल में परेशानियां कम होने की उम्मीद है।
पिछले दिनों मंडल आयुक्त ने जिले के तमाम अधिकारियों को संभावित आपदा के तहत व्यवस्था चाकचौबंद करने के निर्देश दिए थे। इसके तहत संभावित आपदा को लेकर जिला पूर्ति विभाग भी सक्रिय हो गया है। संभावित आपदा में लोगों को राशन की दिक्कतें न हो इसके लिए विभाग तैयारियों में जुट गया है। विभाग की ओर से जून दूसरे सप्ताह से ही जिले के गोदामों में दो माह का एडवांस राशन भेजने का कार्य शुरू कर दिया गया है। जुलाई के लिए जिले में कुल 2245.66 क्विंटल गेहूं और 2906.53 क्विंटल चावल पहुंचना है। इसमें से 951 क्विंटल गेहूं और 1225.41 क्विंटल चावल गोदामों तक पहुंच गया है। जिले के कुल 23 गोदामों में बरसात शुरू होने से पूर्व ही राशन भेजने का कार्य शुरू कर दिया गया है। विभाग के अनुसार दोनों माह के लिए बरसात में संभावित आपदा को देखते हुए राशन पहुंचाया जा रहा है। बरसात का खाद्यान्न स्टॉक कर रखा जाएगा।
जिले में संभावित आपदा को लेकर तैयारी की जा रही है। गोदामों में जुलाई और अगस्त का एडवांस राशन भेजना शुरू कर दिया है। काफी मात्रा में राशन पहुंच गया है। शीघ्र ही सभी गोदामों में पूरा राशन पहुंच जाएगा। बरसात के मौसम में कहीं भी राशन की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
- सीमा विश्वकर्मा, प्रभारी जिला पूर्ति अधिकारी, अल्मोड़ा।