अल्मोड़ा। नगर के धारानौला से आफिसर कॉलोनी के बीच एक फर्नीचर बनाने वाले के यहां तब्लीगी जमातियों के छिपे होने से संबंधी पर्चे मिलने से हड़कंप मच गया। एसडीएम सीमा विश्वकर्मा को निरीक्षण करने के दौरान हाथ से लिखे पोस्टर मिले। पोस्टर में लिखे नंबर और पते के आधार पर प्रशासन की टीम उस जगह गई तो सूचना फर्जी निकली। इससे प्रशासन ने राहत की सांस ली।
बृहस्पतिवार को एसडीएम सीमा विश्वकर्मा नगर के धारानौला में निरीक्षण कर रही थी। इस दौरान उन्हें सड़क में पोस्टर पड़े हुए मिले, जिसमें ऑफिसर कॉलोनी इलाके में स्थित एक फर्नीचर बनाने वाले व्यक्ति के वहां तबलीगी जमातियों के ठहरने की बात लिखी गई थी। हाथ से लिखे पर्चों में एक समुदाय विशेष के व्यक्ति द्वारा तब्लीगी जमातियों को पनाह देने का जिक्र किया गया है।
पर्चों के आधार पर एसडीएम सीमा विश्वकर्मा और कोतवाल अरुण वर्मा, तहसीलदार संजय कुमार आदि ने संबंधित व्यक्ति के यहां जाकर तहकीकात की। एसडीएम ने बताया कि उक्त स्थान पर जमात के किसी व्यक्ति के पनाह लेने की बात अफवाह निकली। उन्होंने बताया कि इस तरह के पर्चे लिखकर अफवाह फैलाने वालों का पता लगाया जा रहा है। इन पर्चों को हैंडराइटिंग विशेषज्ञ के पास भेजा जाएगा। इस मामले में एफआईआर दर्ज करने की भी तैयारी चल रही है।
-
तब्लीगी जमात से जुड़े लोगों को लेकर रोज चल रही हैं चर्चाएं
अल्मोड़ा। इन दिनों नगर में कई स्थानों पर जमातियों के छिपे होने की चर्चा चलती रहती है। बीते दिनों नरसिंह बाड़ी इलाके में भी एक स्थान पर जमातियों के आने की चर्चाओं का बाजार गर्म रहा। बाद में प्रशासन के अधिकारियों ने भी इस बारे में जानकारी ली लेकिन वहां किसी जमाती के आने की बात सामने नहीं आई। इधर एसडीएम सीमा विश्वकर्मा ने बताया कि प्रशासन नगर और आसपास के इलाकों में तबलीगी जमात से लौटने वाले लोगों के बारे में पूरी जानकारी जुटा रहा है और इस तरह की सूचनाओं पर पूरी जानकारी ली जा रही है लेकिन इसे लेकर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
-
नहाने के फेर में पहुंचे संस्थागत क्वारंटीन
बागेश्वर। नगर में कारपेंटर का काम कर रहे उत्तर प्रदेश के विभिन्न इलाकों के युवक और किशोरों को किराए के कमरे में आना भारी पड़ गया। यह चारों लोग लॉकडाउन के बाद से अपने कार्यस्थल पर रह रहे थे। बृहस्पतिवार को नहाने के लिए जाते समय वह पुलिस के हत्थे चढ़ गए। इन लोगों को स्वास्थ्य जांच के बाद एहतियातन 14 दिन के लिए टीआरसी में बने संस्थागत क्वारंटीन में रख दिया गया है।
जिला मुरादाबाद उत्तर प्रदेश के रायपुर समथर निवासी सरफराज (18) पुत्र भूरा, रायपुर समंदा (मुरादाबाद) निवासी सआदत अली (29) पुत्र नवी हुसैन, सुल्तानपुर निवासी सानिब (16) पुत्र तसलीम अहमद, सुलेमान (24) पुत्र तसलीम अहमद बृहस्पतिवार सुबह करीब 10 बजे जिला मुख्यालय के पास किराए के कमरे में बिलौना पहुंचे थे। स्थानीय लोगों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने पूछताछ की। इन लोगों ने बताया कि वह लोग जिला मुख्यालय के नदीगांव में काम करते हैं। नहाने के लिए बिलौना जाते समय पुलिस ने चारों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया। नायब तहसीलदार दीपिका आर्य ने जिला अस्पताल में इन लोगों से पूछताछ की। टीआरसी के क्वारंटीन में डॉ. एजल पटेल, डॉ. दीप्ति रावत ने इन लोगों की जांच की। बताया कि चारों स्वस्थ हैं। इनमें से सरफराज दिसंबर 2019 से यहां रह रहा है जबकि अन्य तीन लोग 20 मार्च को बागेश्वर पहुंचे थे। अब संस्थागत क्वारंटीन में रखे गए लोगों की संख्या 20 हो गई है।
---
पिथौरागढ़ में 1218 लोग होम क्वारंटीन में
पिथौरागढ़। सीमांत जिले में बाहर से आए 34 लोगों को विभिन्न क्वारंटीन केंद्रों में रखा गया है। इसके अलावा 1218 लोगों को होम क्वारंटीन किया गया है। क्वारंटीन पर रखे गए लोगों पर स्वास्थ्य विभाग की टीम कड़ी निगरानी रखे हुए है। जिले में कोरोना संक्रमण से निपटने के लिए व्यापक तैयारी की जा रही है। अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजेश ढकरियाल ने बताया कि होम क्वारंटीन पर रखे गए लोगों की आशा वर्कर्स के जरिए काउंसिलिंग की जा रही है। संवाद
--
17 लोगों को संस्थागत क्वारंटीन से हटाया
चंपावत। संस्थागत क्वारंटीन में 14 दिन पूरे कर चुके 17 लोगों को बृहस्पतिवार को होम क्वारंटीन में भेज दिया है। इससे पूर्व डॉ. मनीष बिष्ट और डॉ. गिरजेंद्र चौहान ने इनका परीक्षण किया। सीएमओ डॉ. आरपी खंडूरी ने बताया कि इन लोगों ने संस्थागत क्वारंटीन में 14 दिन पूरे कर लिए हैं। अब इन्हें एहतियात के तौर पर उनके घरों में क्वारंटीन किया जा रहा है। इसी के साथ चंपावत जिले के आठ केंद्रों में अब संस्थागत क्वारंटीन की संख्या घटकर 130 हो गई है। जिले में होम क्वारंटीन की तादाद 3784 है। इसके अलावा तीन लोगों को अस्पतालों में आइसोलेशन किया गया है। इनमें से दो लोग लोहाघाट व एक को टनकपुर में रखा गया है। जिले के दस राहत केंद्रों में कुल 576 लोग हैं। बुधवार तक भेजे गए 20 सेंपलों में से 13 की जांच आई है। ये सभी रिपोर्ट निगेटिव हैं।
-
सात संदिग्धों के सैंपल जांच को भेजे
टनकपुर (चंपावत)। स्वास्थ्य विभाग ने क्वारंटीन किए गए सात लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिए हैं। बृहस्पतिवार को एसीएमओ डॉ. एचएस ह्यांकी के नेतृत्व में डॉक्टरों की टीम ने क्वारंटीन किए गए तीन युवकों और एक मौलवी समेत सात लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए एसटीएच हल्द्वानी भेज दिया। एसीएमओ ने बताया कि सैंपलों की जांच रिपोर्ट शनिवार शाम तक मिलने की उम्मीद है। संवाद
-
केंद्रीय गृह राज्य मंत्री राय रोज ले रहे हैं हालात का जायजा
चंपावत। कोरोना संकट से निपटने को लेकर प्रशासन तो हर वक्त चौकस है ही, भारत सरकार के मंत्री भी रोजाना फोन के जरिये हालात का जायजा ले रहे हैं। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय हर रोज डीएम से फोन पर बात कर कोरोना से बचाव को लेकर उठाए जा रहे कदम, स्वास्थ्य, खाद्यान्न के हालात के अलावा लॉकडाउन की स्थिति की पड़ताल कर रहे हैं। डीएम सुरेंद्र नारायण पांडेय ने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री के अलावा प्रदेश के कैबिनेट व जिले के प्रभारी मंत्री अरविंद पांडेय भी हर रोज फोन से हालात की समीक्षा कर रहे हैं।
-
नगरों में भी बुखार का परीक्षण शुरू, डीएम ने राहत केंद्र की व्यवस्था देखी
चंपावत। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के बाद बृहस्पतिवार से नगरीय क्षेत्रों में भी खांसी, जुकाम व बुखार वाले लोगों का चिन्हीकरण शुरू हो गया है। चंपावत, लोहाघाट, टनकपुर व बनबसा में वार्डवार यह काम शुरू हो गया है। हर वार्ड में आशा, आंगनबाड़ी वर्कर्स के अलावा एक शिक्षक की टीम बनाई गई है। इससे पूर्व डीएम सुरेंद्र नारायण पांडेय ने रैनबसेरा के राहत केंद्र का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों से राहत केंद्रों में सभी जरूरी व्यवस्था करने के साथ सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करने की हिदायत दी।