एसएसपी पी रेणुकादेवी ने युवाओं और स्कूली बच्चों में नशे की बढ़ती प्रवृति पर चिंता जताते हुए कहा कि नशा जीवन बर्बाद कर देता है। खुशनुमा जिंदगी जीने के लिए युवाओं को किसी भी तरह के नशे से दूर रहना चाहिए। युवाओं को खुद भी इस बुराई को पहचानते हुए पूरा ध्यान पढ़ाई पर केंद्रित करना चाहिए। एक बार कोई नशे की लत में पड़ गया तो फिर इससे छुटकारा पाना मुश्किल होता है। कूर्मांचल एकेडमी में अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आयोजित पुलिस की पाठशाला कार्यक्रम को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित करते हुए उन्होंने यह बात कही।
एसएसपी ने डेढ़ घंटे तक टीचर की तरह बच्चों की क्लास ली और छात्र-छात्राओं को मोबाइल फोन, बाइक, स्कूटी आदि से दूर रहने की नसीहत दी। वह बोलीं खास तौर पर
इंटरमीडिएट तक के बच्चों को सिर्फ पढ़ाई पर फोकस रखना चाहिए। एसएसपी ने कहा कि बच्चे भविष्य में जो कुछ बनना चाहते हैं उसकी तैयारी पहले से ही शुरू करें। उन्होंने कहा हर व्यक्ति को नियम-कानूनों का पालन करना चाहिए। उन्होंने कहा कि बच्चों को गुड-टच और बैड-टच के बारे में भी जानकारी होना जरूरी है। किसी भी तरह के अपराध होने पर इसकी सूचना पुलिस को देनी चाहिए।
उन्होंने घेरलू हिंसा, बच्चों और महिलाओं के साथ होने वाले अपराध, साइबर अपराध और यातायात नियमों आदि के बारे में भी कई महत्वपूर्ण जानकारियां दी। इससे पूर्व स्कूल के हेडमास्टर केके पंत ने गुलदस्ता भेंट करके एसएसपी का स्वागत किया। वरिष्ठ शिक्षक अरुण मार्क्स ने एसएसपी का परिचय दिया। इस अवसर पर कार्डिनेटर विनोद भट्ट, कमलेश जोशी, मीनाक्षी पाठक, मधुलिका स्टीफन, महेश जोशी आदि शिक्षक भी मौजूद रहे।
बिलियडर्स केंद्रों के आसपास होता है नशापान
अल्मोड़ा। इंटर के छात्र सुंदर बोरा ने कहा कि नगर में स्थित बिलियडर्स केंद्र नशे के अड्डे बनते जा रहे हैं। अधिकतर स्कूली बच्चे का बिलियर्ड केंद्रों में जाकर खेल के साथ ही नशे के भी आदी हो रहे हैं। इसलिए बिलियर्ड केंद्रों पर रोक लगनी चाहिए। एसएसपी ने बताया कि पुलिस लगातार बिलियडर्स केंद्रों का निरीक्षण कर रही है। गलत गतिविधियां पाए जाने पर पुलिस कार्रवाई करती है। अभिभावकों को भी इसके लिए सचेत होने की जरूरत है।
आईपीएस अधिकारी बनने की प्रक्रिया पूछी
अल्मोड़ा। बच्चे अपने करियर को लेकर भी काफी संजीदा नजर आए। 12वीं की छात्रा अलंकृता चौहान ने सिविल सेवा में सफल होने के लिए तैयारियों को लेकर सवाल पूछा। एसएसपी ने कहा कि कि सिविल सेवा में सफलता के लिए उन विषयों को चुनना चाहिए जिन पर अच्छी पकड़ हो और स्नातक स्तर पर भी इन्हीं विषयों की पढ़ाई करनी चाहिए। उन्होंने कहा सिविल सेवा में सफलता के लिए कड़ी मेहनत की जरूरत होती है।
औसत अंक लाने वाले भी पा सकते हैं सफलता
अल्मोड़ा। इंटरमीडिएट की छात्रा जागृति मठपाल ने एसएसपी पी रेणुका देवी से पूछा कि क्या टॉपर रहने वाले ही सिविल सेवा जैसी परीक्षाओं में सफल हो सकते हैं। जवाब में एसएसपी पी रेणुकादेवी ने कहा कि यह जरूरी नहीं कि सिर्फ टॉपर ही इन परीक्षाओं में सफल होते हैं। कई बार इंटर तक औसत अंक लाने वाले बच्चे स्नातक स्तर पर गंभीरता से पढ़ाई करके अच्छे अंक लाते हैं और फिर इन परीक्षाओं में भी सफल हो जाते हैं।
स्कूल समय में यातायात की समस्या बताई
अल्मोड़ा। 12वीं की छात्रा संचिता वर्मा ने एलआर साह मार्ग पर यातायात की समस्या उठाते हुए कहा कि स्कूल खुलने और छुट्टी के वक्त भी इस सड़क में वाहन चलते हैं जबकि इस सड़क के आसपास कई स्कूल हैं। इससे यहां बच्चों को चोट लगने का खतरा बना रहता है। जवाब में एसएसपी ने बताया कि इस मार्ग पर यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है।