अल्मोड़ा। राजकीय शिक्षक संघ की अल्मोड़ा कार्यकारिणी ने राजकीय इंटर कॉलेज भटखोला के प्रभारी प्रधानाचार्य दयानंद टम्टा की नृशंस हत्या पर गहरा शोक और रोष व्यक्त किया है। संघ ने आरोपी के खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई व मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग की है। इस संबंध में शिक्षकों ने प्रभारी मुख्य शिक्षा अधिकारी के माध्यम से निदेशक माध्यमिक शिक्षा, देहरादून को ज्ञापन भेजा।
ज्ञापन में कहा गया है कि विद्यालयों में शिक्षकों को सुरक्षित कार्य वातावरण उपलब्ध कराना सरकार और शिक्षा विभाग की जिम्मेदारी है। सुरक्षा व्यवस्था में कमी के कारण इस प्रकार की घटनाएं सामने आ रही हैं। संघ ने मांग की कि विद्यालयों और शिक्षा विभाग के कार्यालयों में उत्पीड़न, भय और दबाव से जुड़ी शिकायतों पर गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ समयबद्ध कार्रवाई की जाए व ऐसे मामलों को लंबित न रखा जाए। उन्होंने दोषी को शीघ्र कठोर सजा दिलाने और पूरे प्रकरण की त्वरित, निष्पक्ष एवं उच्चस्तरीय जांच कराने की भी मांग की है। ज्ञापन देने वालों में जिलाध्यक्ष भूपाल सिंह चिलवाल, जिला मंत्री राजू महरा, डाॅ़ कैलाश डोलिया, खुशहाल महर, नितेश कांडपाल, कोषाध्यक्ष जीवन लाल साह, हुकम सिंह पलियाल, राजेंद्र खड़ायत आदि शिक्षक मौजूद रहे।