अल्मोड़ा। कर्मचारी ढांचे का पुनर्गठन समेत अन्य मांगों को लेकर उत्तराखंड राज्य कर मिनिस्टीरियल स्टाफ एसोसिएशन के बैनर तले एकजुट राज्य कर कर्मचारियों ने बृहस्पतिवार को काली पट्टी बांधकर विरोध जताया। उन्होंने शुक्रवार से एक घंटे गेट मीटिंग करने का एलान किया।
ढुंगाधारा स्थित राज्य कर कार्यालय में हुई सभा में वक्ताओं ने राज्य कर अधिकारियों की नई नियमावली नहीं बनने पर नाराजगी जताई। उन्होंने राज्य कर अधिकारियों की समय से पदोन्नति करने, परित्याग नियमावली से विभाग को अवमुक्त करने की मांग की। शाखाध्यक्ष भुवन चंद्र बिनवाल और शाखा मंत्री पपींद्र सिंह ने कहा कि दस सूत्रीय मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो कार्मिक राज्य कर कार्यालय में 17 अक्तूबर से 11 से 12 बजे तक एक घंटे गेट मीटिंग की जाएगी। विरोध प्रदर्शन में संगठन के मंत्री वीरेंद्र कुमार, कोषाध्यक्ष त्रिलोचन आर्या, सलाहकार मोनिका भाकुनी आदि शामिल रहे।