स्थानीय स्टेडियम में चार दिवसीय राज्य स्तरीय विद्यालयी बालक फुटबाल प्रतियोगिता का रंगारंग कार्यक्रमों के साथ शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन करते हुए विधानसभा उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह चौहान ने खिलाड़ियों से अच्छा प्रदर्शन कर क्षेत्र और देश का नाम रोशन करने का आह्वान किया। जूनियर वर्ग (अंडर 17) के खेले गए उद्घाटन मैच में पिथौरागढ़ ने ऊधमसिंहनगर पर 10-0 गोल के अंतर से जीत दर्ज की।
पिथौरागढ़ के सौरभ कुमार ने चार, किशोर बोरा तीन मोहित राणा दो, धीरज बिष्ट ने एक गोल किया। इसी वर्ग का दूसरा मैच चंपावत और मेजबान अल्मोड़ा के मध्य हुआ। जिसमें चंपावत ने 3-1 गोल से जीत दर्ज की।
सब जूनियर वर्ग (अंडर 14) का पहला मैच भी पिथौरागढ़ ने जीता। पिथौरागढ़ ने 3-0 गोल के अंतर से अल्मोड़ा को हराया। इसी वर्ग के दूसरे मैच में नैनीताल ने पौड़ी को 4-0 गोल के अंतर से पराजित किया। देर सायं खेले गए जूनियर वर्ग के तीसरे मैच में नैनीताल ने पौड़ी पर 2-1 से जीत हासिल की। मैचों के रेफरी दीपक शाही, दिनेश सिंह, कुंदन कनवाल, अजय रावत, कमलेश जोशी, वीरेंद्र सिंह, बाली सिंह राणा, पंकज टम्टा, सोबन सिंह कनवाल, भरत लाल टम्टा, तुषार लाल वर्मा थे। उद्घाटन अवसर पर विवेकानंद इंटर कालेज, एआईसी, जीआईसी, विवेकानंद बालिक इंटर कालेज के बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रम पेश किए। उद्घाटन कार्यक्रम की अध्यक्षता पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी ने की। इस अवसर पर मुख्य शिक्षा अधिकारी जगमोहन सिंह सोनी, डीईओ माध्यमिक एचबी चंद, जिला क्रीड़ाधिकारी सीएल वर्मा समेत शिक्षा विभाग के अधिकारी, शिक्षक, कर्मचारी मौजूद थे।