अल्मोड़ा स्टेडियम में पिथौरागढ़ और चंपावत के बीच खेला गया मैच।
- फोटो : अमर उजाला
ए एन बहुगुणा स्पोर्ट्स स्टेडियम में राज्य स्तरीय विद्यालयी बालक फुटबॉल प्रतियोगिता जारी है। जूनियर वर्ग में पिथौरागढ़ और नैनीताल की टीम फाइनल में पहुंच गई हैं। सब जूनियर वर्ग का फाइनल स्पोर्ट्स कॉलेज देहरादून और नैनीताल के बीच होगा। फाइनल मुकाबले शनिवार नौ सिंतबर को खेले जाएंगे।
जूनियर वर्ग (अंडर 17) का पहला सेमीफाइनल मैच पिथौरागढ़ और चंपावत के मध्य खेला गया। इसमें शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए पिथौरागढ़ ने चंपावत को 3-0 के अंतर से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। पिथौरागढ़ के किशोर बोरा, मोहित राना और आयुष ने एक-एक गोल किए। इसी वर्ग का दूसरा सेमीफाइनल मुकाबला नैनीताल और देहरादून के बीच हुआ।
नैनीताल ने पिथौरागढ़ को 4-0 के अंतर से पराजित कर फाइनल में जगह बनाई। नैनीताल के सूरज मेहरा, अमन जुयाल ने एक-एक और रवेंद्र आर्या ने दो गोल किए। सब जूनियर वर्ग (अंडर 14) के पहले सेमीफाइनल में स्पोर्ट्स कॉलेज देहरादून ने देहरादून जिले की टीम को 4-2 से हराया। विजयी टीम के वीरेंद्र और अंकित ने एक-एक, मयूर ने दो गोल किए।
स्पोर्ट्स कॉलेज देहरादून ने फाइनल में जगह बना ली है, जबकि दूसरा सेमीफाइनल नैनीताल और पिथौरागढ़ के बीच हुआ। इस मैच में नैनीताल ने पिथौरागढ़ को 3-2 के अंतर से हराया। नैनीताल की टीम भी फाइनल में पहुंच गई है। प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले शनिवार को खेले जाएंगे।