जिला खेल कार्यालय की ओर से स्थानीय स्टेडियम में अनुसूचित जाति बालकों की राज्य स्तरीय ओपन क्रिकेट प्रतियोगिता शुरू हो गई है। उद्घाटन मैच में बागेश्वर ने अल्मोड़ा को हराकर अगले चक्र में प्रवेश किया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अल्मोड़ा की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 130 रन बनाए। दुष्यंत कुमार ने 61 रन का योगदान दिया। जवाब में बागेश्वर की टीम ने 16.2 ओवर में तीन विकेट खोकर 131 रन बनाकर जीत हासिल की। बागेश्वर के ईश्वर ने 51 रन बनाए।
दूसरा मैच चंपावत और उत्तरकाशी के बीच हुआ। चंपावत ने उत्तरकाशी को पराजित कर अगले चक्र में प्रवेश किया। इससे पहले संसदीय सचिव मनोज तिवारी ने प्रतियोगिता का उद्घाटन किया। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना से प्रतियोगिता में भागीदारी कर बेहतर प्रदर्शन करने का आह्वान किया।
आयोजक सचिव लियाकत अली खान, जिला क्रीड़ा अधिकारी सीएल वर्मा, डीके सेन, परवेज सिद्धकी, पूरन रौतेला, दर्शन रावत, विनीत बिष्ट, संजय वर्मा, देवेंद्र परिहार, पुष्कर नेगी, गिरीश मल्होत्रा, हरीश कवनला, अकरम खान, डीपी आर्या आदि उपस्थित थे। संचालन श्याम भट्ट ने किया।