अल्मोड़ा। व्यापारियों ने शासन की ओर से जारी नई मानक प्रचालन प्रक्रिया (एसओपी) के विरोध में सोमवार को नगर के चौक बाजार में मुख्यमंत्री और प्रदेश सरकार का पुतला फूंका। उन्होंने नारेबाजी कर विरोध जताया। इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि दुकानें बंद होने के बावजूद बाजार में रोजाना भीड़ उमड़ रही है। ऐसे में सरकार को संपूर्ण बाजार को कोविड गाइड लाइन के अनुसार खोल देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि कोरोना संक्रमण की दर में कमी आने के बावजूद सरकार संपूर्ण बाजार को नहीं खोल रही है। दुकानें बंद होने के बाद भी बाजारों में भीड़ उमड़ रही है तो फिर दुकानों को बंद रखने का कोई औचित्य नहीं है। उन्होंने शासन द्वारा जारी नई एसओपी को व्यापारी विरोधी करार दिया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से दुकानें बंद होने के कारण कारोबार बुरी तरह प्रभावित हुआ है। स्थिति यह है कि व्यवसायियों को दुकान, गोदामों का किराया चुकाना मुश्किल पड़ रहा है।
कई व्यापारियों ने कारोबार के लिए बैंकों से लोन लिया है लेकिन दुकानें बंद होने के कारण वह बैंक की किश्त भी नहीं चुका पा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार व्यापारियों के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है।
पुतला दहन करने वालों में नगर अध्यक्ष सुशील साह, महासचिव मयंक बिष्ट, उपाध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद, प्रतेश पांडे, महिला उपाध्यक्ष अनीता रावत, उपसचिव राहुल बिष्ट, उपसचिव अमन नज्जौन, कोषाध्यक्ष कार्तिक साह, दीप जोशी आदि शामिल थे।