रानीखेत (अल्मोड़ा)। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में नए सत्र के लिए प्रवेश प्रक्रिया शुरूहो गई है। फिलहाल आवेदन पत्र जमा करने का कार्य चल रहा है। 25 जुलाई के बाद प्रवेश शुरू हो जाएंगे। शुक्रवार को महाविद्यालय में प्रवेश आवेदन जमा करने वाले नए छात्र-छात्राओं का तांता लगा रहा। बीएससी में प्रवेश के लिए कई छात्र-छात्राएं पहुंचे थे। अधिकतर छात्र-छात्राओं ने जंतु विज्ञान, रसायन विज्ञान में प्रवेश लेने की इच्छा जताई।
छात्रा बीना नेगी, ममता, रेनू ने बताया कि वह जेडबीसी से बीएससी करना चाहती हैं। इन विषयों में कॅरिअर निर्माण की अपार संभावनाएं हैं। इसीलिए यह विषय उनकी पहली पसंद हैं। छात्र मोहित कांडपाल ने बताया कि वह भौतिक विज्ञान से बीएससी करने के इच्छुक हैं। गणित विषय उनका पसंदीदा विषय है। वह अच्छे नंबर लाकर महाविद्यालय टॉप करना चाहते हैं। प्राचार्य डॉ. चंद्र राम ने बताया कि फिलहाल आवेदन जमा किए जा रहे हैं। 25 जुलाई से कक्षाओं में प्रवेश होंगे।