अल्मोड़ा में मासिक अपराध गोष्ठी लेते एसएसपी डॉ मंजूनाथ टीसी
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने बृहस्पतिवार को पुलिस लाइन में मासिक अपराध गोष्ठी को लेकर मातहतों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में एसएसपी ने विस चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए आपराधिक तत्वों के खिलाफ गुंडा और गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उनका कहना था कि सभी पुलिसकर्मी अनुशासन में रहकर विधानसभा चुनाव को निडर और निष्पक्ष होकर संपन्न कराएं।
ड्यूटी के साथ ही कोरोना संक्रमण से खुद को बचाने का प्रयास करें। इस दौरान एसएसपी ने पुलिसकर्मियों की समस्याएं भी सुनीं। साथ ही चुनाव को देखते हुए आपराधिक तत्वों के खिलाफ गुंडा, गैंगस्टर व जिला बदर की कार्रवाई करने के निर्देश दिए। सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित करतेे हुए कहा कि आचार संहिता का कड़ाई से पालन कराने के लिए सभी अपने थाना क्षेत्र में सघन चेकिंग अभियान चलाएं। रात्रि कर्फ्यू का विशेष रूप से पालन कराया जाए और कोविड नियम तोड़ने वालों का भी चालान करें। इस दौरान सभी पुलिसकर्मियों को मास्क और सैनिटाइजर का भी वितरण किया गया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले 11 पुलिसकर्मियों को भी एसएसपी ने सम्मानित किया। सम्मानित होने वालों में कांस्टेबल ललित मोहन, एएसआई मंजू भंडारी, पीआरओ हेमा एठानी, महिला आरक्षी एलआईयू राजेश्वरी कुटियाल, कांस्टेबल वीरेंद्र सिंह, मोहन बोरा, दीपक कुमार, खुशाल राम, हरीश तिरूवा, विनोद कुुमार और अनुचर प्रताप राम शामिल रहे। गोष्ठी में सीओ रानीखेत तपेश कुमार, सीओ संचार राजीव कुमार टम्टा, अभियोजन अधिकारी बिंदेश्वरी प्रसाद टम्टा, उप सेनानायक आईटीबीपी ग्यासुद्दीन, कंपनी कमांडर एसएसबी हीरालाल, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन जितेंद्र पाठक सहित अन्य पुलिस कर्मी मौजूद रहे।