अल्मोड़ा। युवा कांग्रेस के निवर्तमान प्रदेश महासचिव गोपाल भट्ट ने कहा कि सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय अल्मोड़ा में छात्र हितों की अनदेखी की जा रही है। स्व वित्तपोषित पाठ्यक्रमों में छात्रों से मनमाना शुल्क वसूला जा रहा है। समस्याओं का समाधान नहीं होने पर कुलपति का घेराव किया जाएगा।
बुधवार को माल रोड स्थित एक होटल में आयोजित प्रेसवार्ता में उन्होंने यह बात कही। उन्होंने कहा कि कुलपति को कार्यभार संभाले करीब ढाई साल हो चुके हैं, लेकिन इस अवधि में विश्वविद्यालय ने छात्र हित में ठोस निर्णय नहीं लिया। छात्र संगठनों और छात्र नेताओं के दिए गए ज्ञापनों पर कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने विश्वविद्यालय में वित्तीय अनियमितता के भी आरोप लगाए। एनएसयूआई के पूर्व जिलाध्यक्ष प्रदीप बिष्ट ने कहा कि छात्र हितों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। वहां युवा कांग्रेस के विक्रम फत्र्याल, पूर्व छात्रसंघ उप सचिव गौरव सिंह सतवाल, युवा कांग्रेस प्रदेश सचिव किरन आर्या, संतोष कुमार, पारस डसीला, शुभम टम्टा आदि मौजूद रहे।