अल्मोड़ा। एक साइबर ठग ने एक महिला को फोन कर उसके फूका की आवाज में बात की। महिला को भरोसे में लेकर ठग ने उससे 45 हजार रुपये ठग लिए। रुपये ट्रांसफर होने के बाद ठग का व्यवहार बदल गया, जिससे महिला को ठगी का अहसास हुआ। द्वाराहाट पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरु कर दी है। जिले के द्वाराहाट विद्यापुर निवासी हेमा देवी ने कोतवाली द्वाराहाट में तहरीर दी। हेमा के पति दिल्ली में प्राइवेट नौकरी करते हैं। 24 मार्च को शाम चार बजे एक नंबर से हेमा देवी के फोन पर काल आई। कॉलर ने उसे हेमा कह कर पुकारा। हेमा को कॉलर की आवाज अपने फूफा जैसी लगी जो मथुरा में रहते हैं। इसलिए हेमा ने उससे बातचीत कर ली।
बातों बातों में साइबर ठग ने कहा कि मेरे खाते की लिमिट खत्म हो गई है। मेरा दोस्त तुम्हें 45 हजार रुपये भेजेगा तुम वो पैसे मुझे भेज देना। कुछ ही देर बाद उसके फोन में 45 हजार रुपये डाले जाने का मैसेज आ गया। हेमा ने अपने खाते से 45 हजार रुपये उस आदमी के बताए हुए नंबर पर भेज दिए। पैसे भेजने के बाद वह आदमी अलग तरीके से बात करने लगा जिससे महिला को उस पर शक हुआ। ठगी का अहसास होने पर महिला ने साइबर हेल्प लाइन नंबर पर शिकायत दर्ज कराई।