जिला योजना की समीक्षा करते कुमाऊं मंडल आयुक्त राजीव रौतेला।
- फोटो : अमर उजाला
कुमाऊं मंडल आयुक्त राजीव रौतेला ने अधिकारियों को जिला योजना के लिए स्वीकृत धनराशि समय पर खर्च करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने विभागों द्वारा डाटा डायरी नहीं बनाए जाने पर नाराजगी जताई। अगली बैठक में निर्देशों का पालन नहीं होने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी।
विकास भवन में हुई समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने जल निगम और जल संस्थान के अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए उन्हें भविष्य में पूरी तैयारी के साथ बैठक में पहुंचने को कहा। उन्होंने लोनिवि अधिकारियों को जिले की सभी सड़कों को गड्ढा मुक्त करने के लिये विशेष अभियान चलाने, जिन मार्गों के लिए बजट उपलब्ध है उसे पूरा करने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने पीएमजीएसवाई के कार्यों की धीमी गति पर नाराजगी जताई। अधिकारियों से कार्यों को समय से पूरा करने को कहा।
आयुर्विज्ञान संस्थान का कार्य समय से पूरा करें
अल्मोड़ा। कमिश्नर राजीव रौतेला ने निर्माणाधीन सोबन सिंह जीना राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान का निरीक्षण कर कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्य समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने एनाटोमी ब्लॉक, हिस्टोलोजी लैब, एटानमी, डिप्रेशन कक्ष समेत प्रशासनिक भवनों को देखा। निर्माण कार्य में सफाई पर ध्यान न दिए जाने पर असंतोष जताया। परियोजना प्रबंधक विवेक अरोड़ा ने बताया कि स्वीकृत बजट के अनुसार निर्माण कार्य प्रगति पर है। निरीक्षण के दौरान डीएम नितिन सिंह भदौरिया, सीडीओ मयूर दीक्षित, एसडीएम विवेक राय, सीएमओ डॉ. विनीता साह, प्राचार्य आरजी नौटियाल आदि मौजूद रहे। कमिश्नर ने अल्मोड़ा महोत्सव की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए जिलाधिकारी की पहल का स्वागत किया।