अल्मोड़ा में पत्रकारों से वार्ता करते पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी, साथ में ईओ श्याम सुंदर प्?
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा। पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी ने कहा है कि पालिका बोर्ड शहर को स्वच्छ बनाने और विकास के लिए प्रयासरत है। सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने को ट्रंचिंग ग्राउंड में संसाधन जुटाए जाएंगे। ट्रंचिंग ग्राउंड में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के लिए मेटिरियल रिकबरी फैसिलिटी (एमआरएफ) यूनिट के लिए 3.64 करोड़ रुपये स्वीकृत हो गए हैं।
पत्रकारों से वार्ता करते हुए पालिकाध्यक्ष ने कहा कि शहर के एक वार्ड में प्रत्येक बुधवार को सघन स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। नालों की सफाई को दस सफाई कर्मियों की गैंग बनाई गई है, जो कि प्रत्येक वार्ड मेें सप्ताह में तीन दिन नालों की सफाई कर रही है। रात्रि में बाजार से वाहन के जरिए कूड़ा उठाया जा रहा है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि कूड़ा कूड़ेदान में ही डालें। जनसहयोग से ही शहर का विकास होगा। शहर स्वच्छ और सुंदर बनेगा।
उन्होंने बताया कि ट्रंचिंग ग्राउंड में संसाधन जुटाने को एमआरएफ यूनिट के लिए तीन करोड़ 64 लाख 84 हजार रुपये स्वीकृत हो गए हैं। कूड़ा डोर-टू-डोर इकट्ठा होगा। वाहन, डोजर और उपकरण खरीदे जाएंगे। ट्रंचिंग ग्राउंड में कंकरीट यार्ड, प्लांटेशन, पानी, बिजली कनेक्शन, धर्मकांटा, चहारदीवारी, फायर उपकरण समेत अन्य कार्य किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि शहर में अंडर ग्राउंड कूड़ेदान स्थापित करने का प्रस्ताव शासन स्तर पर लंबित है। नगर पालिका की पार्किंग में फायर सिस्टम जल्द लगेगा। वहीं लिफ्ट लगाने की जिम्मेदारी निर्माण एजेंसी सीएंडडीएस रानीखेत को सौंपी गई है। उन्होंने कहा कि निकाय के परिसीमन के बाद नए वार्डों में सफाई के लिए 30 कर्मचारियों की जरूरत है।अतिक्रमण हटाने के लिए कार्मिकों को निर्देश दिए हैं। इस अवसर पर पालिका के अधिशासी अधिकारी श्याम सुंदर प्रसाद और सभासद मौजूद थे।