अल्मोड़ा। जिले के 11 ब्लॉक में लंबे समय से शोपीस बनी चार हजार सोलर स्ट्रीट लाइटें फिर से अंधेरे रास्तों और गलियों को रोशन करेंगी। उरेडा पहले चरण में 40 लाख रुपये से 600 खराब पड़ी स्ट्रीट लाइट को ठीक करेगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में तेंदुओं की बढ़ती सक्रियता पर भी लगाम लेगेगी।
अल्मोड़ा के अधिकतर ब्लॉक के गांवों में सड़क और रास्तों पर अंधेरा पसरा रहता है। उरेडा की ओर से राज्य और जिला योजना के तहत स्थापित चार हजार स्ट्रीट लाइट लंबे समय से खराब हैं। ऐसे में ग्रामीणों को रात के अंधेरे में आवाजाही के दौरान तेंदुओं के हमले का खतरा बढ़ गया है। उरेडा 40 लाख रुपये से पहले चरण में ब्लॉक में स्थापित 600 खराब लाइटों की बैटरी, पैनल और एलईडी लाइट को बदलकर उन्हें दुरुस्त करेगा। अंधेरे रास्तों और गलियों के रात में फिर रोशन होने से लोगों की आवाजाही सुरक्षित होगी। वहीं तेंदुओं के आबादी क्षेत्रों में बढ़ती सक्रियता भी कम होगी।
बैटरी की पांच वर्ष की होगी वारंटी
खराब सोलर स्ट्रीट लाइट में बदली जाने वाले बैटरी की वारंटी पांच साल की होगी। अगर पांच साल के भीतर बैटरी में खराबी आती है तो संबंधी कंपनी इसे बदलेगी। इसके साथ ही पैनल की भी पांच वर्ष की वारंटी होगी।
कोट
जिला योजना से 600 सोलर स्ट्रीट लाइट का सुधारीकरण किया जाएगा। इसमें 40 लाख रुपये खर्च होंगे। अन्य खराब स्ट्रीट लाइट को भी जल्द ठीक करने के प्रयास किए जाएंगे
-मनोज कुमार बजेठा, परियोजना अधिकारी, उरेडा, अल्मोड़ा