अल्मोड़ा। तीन दिन के अवकाश के बाद खुले अस्पताल में मंगलवार को मरीजों की भीड़ उमड़ी। इस दौरान सोशल डिस्टेंसिंग नियमों की भी धज्जियां उड़ीं।
जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या दिन-प्रतिदन बढ़ती जा रही है। पॉजिटिव मरीजों के संपर्क में आए अन्य लोग भी संक्रमित हो रहे हैं। उसके बाद भी कई स्थानों में भीड़ अधिक होने से सामाजिक दूरी नियमों का पालन नहीं हो पा रहा है। तीन दिनों के अवकाश के बाद मंगलवार को जिला और महिला अस्पतालों में भारी संख्या में उपचार के लिए मरीज पहुंचे।
पर्ची काउंटर, डॉक्टरों के कक्षों के बाहर, विभिन्न जांचों, अल्ट्रासाउंड आदि के लिए काफी संख्या में मरीज पहुंचे। भीड़ बढ़ने से सोशल डिस्टेंसिंग नियमों का पालन नहीं हो पाया। लोग एक-दूसरे से सट कर खड़े थे।अस्पताल में थर्मल स्क्रीनिंग की कोई व्यवस्था नहीं हैं। इन दिनों सैनिटाइजेशन मशीन भी खराब पड़ी है।