फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बागेश्वर की ऊंची चोटियों पर हिमपात

विज्ञापन
रानीखेत बाजार में ठंड भगाने को अलाव सेंकते लोग। संवाद न्यूज एजेंसी - फोटो : RANIKHET
विज्ञापन
बागेश्वर की ऊंची चोटियों में हिमपात हुआ है। वहीं निचले इलाकों में मूसलाधार बारिश से ठंड बढ़ गई है। वहीं ओलावृष्टि से फसल और फलों को नुकसान पहुंचा है। ठंड बढ़ने पर लोगों को गर्म कपड़ों का सहारा लेना पड़ रहा है।
विज्ञापन

बृहस्पतिवार दोपहर बाद से हिमालय से सटे ऊंचाई वाले इलाके चिल्ठाटॉप, मजुवाटॉप, खाती, जांतोली, धाकुड़ी आदि इलाकों में बर्फ गिरनी शुरू हो गई थी। रात में भी काफी बर्फबारी हुई। शुक्रवार सुबह चोटियां बर्फ से लकदक नजर्र आइं। शुक्रवार को बागेश्वर में अधिकतम तापमान 20 और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रहा। अन्य वर्षों में इस महीने अधिकतम तापमान 30 डिग्री से अधिक रहता था। कृषि विज्ञान केंद्र काफलीगैर के प्रभारी अधिकारी डॉ. कमल कुमार पांडे का कहना है कि बारिश होती रही तो गेहूं की खड़ी फसल काली पड़ जाएगी।
अल्मोड़ा में पांच दिन में गिर गया 14 डिग्री पारा, बढ़ी ठंड
अल्मोड़ा। मौसम का बदला मिजाज तीसरे दिन भी जारी रहा। रुक-रुक कर बारिश होती रही। तापमान में रिकार्ड स्तर पर गिरावट आने की वजह से ठंड लौट आई। लोगों के गर्म कपड़े फिर से निकल गए।
विज्ञापन

शुक्रवार रात को तेज हवाएं चलीं। फिर तड़के तक रुक-रुक कर बौछारें पड़तीं रहीं। सुबह के समय लगा मौसम साफ हो जाएगा लेकिन एक बार फिर से बादल पूरी तरह से छा गए और अल्मोड़ा में दोपहर से फिर से बारिश शुरू हो गई। ठंड इतनी बढ़ गई कि ज्यादातर लोग घरों में ही दुबके रहे।
मौसम विभाग के अनुसार बारिश की वजह से तापमान में गिरावट लगातार जारी है। जहां बीती 19 अप्रैल को अधिकतम तापमान 28 डिग्री तक पहुंच गया था वहीं अब यह 14 डिग्री तक गिरकर 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार तक मौसम साफ हो सकता है। तब तक बारिश जारी रह सकती है। इधर जागेश्वर, जैंती, सल्ट, भतरौंजखान आदि इलाकों में बारिश हुई है जिससे किसानों के चेहरे खिल गए हैं। जिले में वनाग्नि पूरी तरह से शांत हो गई है और वन विभाग ने भी राहत की सांस ली है।
यूं गिरा अल्मोड़ा में तापमान
23 अप्रैल अधि. ताप. 16.0 डि.से.
22 अप्रैल अधि. ताप. 22.4 डि.से.
21 अप्रैल अधि. ताप. 25.6 डि.से.
20 अप्रैल अधि. ताप. 27.0 डि.से.
19 अप्रैल अधि. ताप. 28.0 डि.से.
अल्मोड़ा-कोसी मार्ग पर गिरा पेड़, वाहन फंसे
अल्मोड़ा। शुक्रवार दोपहर अल्मोड़ा-कोसी हाइवे में केंद्रीय विद्यालय के पास एक पेड़ सड़क पर गिर गया। इससे कई घंटों तक जाम लगा रहा। बाद में यात्रियों ने पेड़ का कुछ हिस्सा हटाया। जबकि आधी सड़क पेड़ से घिरी रही। आपदा कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार 3:10 बजे पर पेड़ गिरने की सूचना आई थी। इसके बाद वन विभाग और फायर सर्विस की टीम मौके पर पहुंची। देर शाम किसी तरह पेड़ को हटा दिया गया।
धौलछीना में ओलावृष्टि से बढ़ी ठंड
धौलछीना/द्वाराहाट। तीन-चार दिनों से लगातार हो रही बारिश से फिर ठंड लौट आई है। शुक्रवार को कई क्षेत्रों में हल्की ओलावृष्टि भी हुई है। लोगों ने ठंड से बचने के लिए अलाव जलाया और गर्म कपड़े निकाल लिए हैं। वहीं ओलावृष्टि से रवि की फसल को भी नुकसान होने की आशंका है। ब्लॉक के निचले इलाकों में गेहूं, जौ, मसूर की फसलें बर्बाद होने लगी है। इधर, द्वाराहाट क्षेत्र में सूख रही नदियों के लिए पिछले कुछ दिनों से लगातार हो रही बारिश वरदान बनकर आई है। बारिश नहीं होने से कमलघाट पंपिंग पेयजल योजना से आपूर्ति ठप हो गई थी। खीरो नदी का जलस्तर बढ़ गया है। द्वाराहाट में सुबह से ही रुक रुक कर बारिश हो रही है। खेतों में जलभराव हो गया है। जब खेतों में खाल बन जाते हैं तो कहते हैं कि, मडु लागणीं द्यो है गो अर्थात मडुवा जमने लायक बारिश हो गई है। (संवाद)
पेड़ ने उड़ा दी अल्मोड़ा की बिजली
- बागेश्वर में तीन दिन बाद आई बिजली
अल्मोड़ा/बागेश्वर। शुक्रवार शाम करीब चार बजे तेज बारिश के साथ ही हवाएं भी चलीं। अल्मोड़ा के मालरोड पर वन विभाग कार्यालय के पास ट्रांसफार्मर के ऊपर एक पेड़ गिर गया। सूचना पर कर्मियों ने मरम्मत काम शुरू कर दिया है।
थपलिया में भी बिजली लाइन पर पेड़ गिर गया, जिससे तार टूट गए और पोल क्षतिग्रस्त हो गया। इस कारण कैंट फीडर से जुड़े मल्ली बाजार, थाना बाजार, चौघानपाटा आदि जगहों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। ऊर्जा निगम के अवर अभियंता मनोरंजन वर्मा ने बताया कि जल्द ही सभी क्षेत्रों में आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी।
इधर, बागेश्वर के शामा, लीती क्षेत्र में तीसरे दिन बिजली सप्लाई बहाल हुई है। इससे क्षेत्र की 6 हजार से अधिक आबादी को राहत मिली है। वहीं गोगिना, हाम्टीकापड़ी और भनार क्षेत्र की बिजली अब भी बहाल नहीं हुई है। यूपीसीएल के कनिष्ठ अभियंता अजय जोशी ने बताया कि मरम्मत का कार्य चल रहा है। (संवाद)
जंगल में लगी आग के लिए बारिश वरदान
गरुड़ (बागेश्वर)। मूसलाधार बारिश से वन प्रभाग बागेश्वर के जंगलों में लगी आग बुझ गई है। डीएफओ बीएस शाही ने बताया कि बारिश से जंगलों में लगी आग पूर्ण रुप से बुझ गई है। इधर, कौसानी, गरुड़ और ग्वालदम में मूसलाधार बारिश से जन जीवन अस्तव्यस्त हो गया है। वहीं लंबे समय से बारिश होने के बाद असिंचित क्षेत्र के किसानों के चेहरों पर मुस्कान है। अप्रैल में जनवरी की जैसी ठंड पड़ने से अधिकांश लोग गर्म कपड़े पहन रहे हैं। सुरक्षा की दृष्टि से सिंचाई विभाग ने बैजनाथ झील के सभी गेट भी खोल दिए हैं।
अप्रैल में कड़ाके की ठंड, अलाव जलाया
रानीखेत (अल्मोड़ा)। लगातार हो रही बारिश से जहां काश्तकारों के चेहरे खिले हुए हैं, वहीं अप्रैल में जनवरी, फरवरी की सर्दी का अहसास हो रहा है। रानीखेत में शुक्रवार सुबह से ही रुक रुककर बारिश हो रही थी। बाजार में कई स्थानों पर लोग आग तापते नजर आए। जंगलों की आग बुझने पर वन अधिकारियों और कर्मचारियों ने राहत की सांस ली है।
काश्तकार बारिश को फसल बुआई के लिए शुभ संकेत मान रहे हैं, वहीं पेयजल किल्लत झेल रहे लोगों को भी राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं बारिश और तेज हवाओं से मालरोड में चीड़ का पेड़ टूटकर एक होटल के आउट हाउस में जा गिरा। हालांकि घटना के वक्त वहां कोई कर्मचारी नहीं था, जिस कारण बड़ा हादसा होने से बच गया। इससे आउट हाउस का एक हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। होटल कर्मी देवेंद्र टनवाल ने बताया कि आउट हाउस में आठ कर्मचारी रहते हैं।

पेड़ गिरने से अल्मोड़ा के थपलिया में क्षतिग्रस्त बिजली लाइन और पोल।- फोटो : ALMORA

अल्मोड़ा में एमईएस कालोनी के पास क्षतिग्रस्त ग्यारह केवी बिजली लाइन का पोल।- फोटो : ALMORA

अल्मोड़ा मालरोड में वन विभाग के समीप ट्रांसफार्मर के ऊपर गिरा पेड़।- फोटो : ALMORA

अल्मोड़ा-कोसी मोटरमार्ग में गिरा पेड़।- फोटो : ALMORA

अल्मोड़ा में बारिश के बीच गर्म कपड़े और शॉल ओढ़कर निकली महिला।- फोटो : ALMORA

अल्मोड़ा में शुक्रवार को बारिश से बचने के लिए छाता लेकर निकले लोग।- फोटो : ALMORA

बागेश्वर के गुलेर में गिरे ओले। संवाद न्यूज एजेंसी- फोटो : BAGESHWAR

बागेश्वर के चिल्ठा क्षेत्र में गिरी बर्फ। संवाद न्यूज एजेंसी- फोटो : BAGESHWAR

बागेश्वर के चिल्ठा क्षेत्र में गिरी बर्फ। संवाद न्यूज एजेंसी- फोटो : BAGESHWAR

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें