पुलिस गिरफ्त में स्मैक के साथ पकड़ा गया आरोपी।
- फोटो : अमर उजाला
पुलिस की विशेष कंपोजिट टीम ने 4.10 ग्राम स्मैक के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। यह आरोपी युवाओं और स्कूली बच्चों को स्मैक सप्लाई करता था। उसके पास एक इलेक्ट्रानिक तराजू भी बरामद हुआ है। पिछले छह माह में स्मैक पकड़े जाने का यह तीसरा मामला है। दूसरी तरफ नगर में कुछ लोग चरस का धंधा भी चला रहे हैं। हालांकि हाल में पुलिस की सख्ती के बाद इस पर कुछ रोक लगी है।
पुलिस की विशेष कंपोजिट टीम ने मुखबिर की सूचना पर यहां सिकुड़ा बैंड के पास आरोपी मनीष पवार (25)उर्फ बिट्टू की तलाशी ली तो उसके पास 4.10 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को 8/21 एनडीपीएस एक्ट के तहत गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को गिरफ्तार करने वाली टीम में विशेष कंपोजिट टीम के प्रभारी भूपाल राम के अलावा कांस्टेबल त्रिलोक सिंह, दीपक खनका, दिनेश नगरकोटी, संदीप सिंह शामिल थे। मालूम हो कि पिछले छह माह में स्मैक पकड़े जाने का यह तीसरा मामला है। बताया गया है कि कुछ लोग बाहर से स्मैक लाकर अल्मोड़ा में युवाओं और छात्रों को सप्लाई करते हैं।
बीते दिनों नए एसएसपी दिलीप सिंह कुंवर ने चार्ज संभालने के बाद स्मैक और चरस आदि नशीले पदार्थों का धंधा करने वालों और इसे पीने वाले युवाओं की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया है। इसके बाद से इस पर काफी हद तक रोक लगी है, लेकिन पता चला है कि ग्रामीण इलाकों से अब भी कुछ लोग चरस की सप्लाई कर रहे हैं। पुलिस इन पर नजर रखे हुए है और शीघ्र ही उनके गिरफ्त में आने की संभावना है। एसएसपी श्री कुंवर ने नशीले पदार्थों का धंधा करने और इसका सेवन करने वालों को पकड़ने के लिए विशेष पुलिस बल का गठन किया है।