नगर में प्रसिद्ध नंदादेवी मेला छह सितंबर से 11 सितंबर तक होगा। मां नंदादेवी मंदिर एवं नंदा गीता भवन कमेटी की बैठक में मेले को आयोजित करने के लिए पिछले वर्ष के संयोजक मंडल को पुन: जिम्मेदारी सौंपी गई।
दिनेश गोयल मुख्य संयोजक, मनोज सनवाल, तारा चंद्र जोशी, अनूप साह, हरीश बिष्ट संयोजक बनाए गए। बैठक में मेले की तैयारियों को लेकर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। तय हुआ कि सांस्कृतिक कार्यक्रम आठ से 10 सितंबर तक रात में होंगे। उत्तराखंड की संस्कृति पर आधारित कार्यक्रम किए जाएंगे।
जिससे कि युवा पीढ़ी संस्कृति से रूबरू हो सके। कुमाऊंनी भाषा में कार्यक्रम होंगे। सदस्यों ने मेले में युवाओं की भागीदारी अधिक से अधिक बढ़ाने पर जोर दिया। मेले, मंदिर के कार्यों में बढ़-चढ़कर भागीदारी करने वाले तारा चंद्र जोशी को सर्वसम्मति से मंदिर कमेटी का आमंत्रित सदस्य नियुक्त किया गया। मंदिर के अध्यक्ष शिरीष पांडे ने अध्यक्षता की। बैठक में सचिव एलके पंत, व्यवस्थापक मुन्ना वर्मा, कोषाध्यक्ष अतुल अग्रवाल, डॉ. रमेश चंद्र लोहनी, हरीश बिष्ट आदि थे।