बूथों को रवाना होते मतदान कर्मचारी।
- फोटो : अमर उजाला
जिले की सभी छह विधानसभा क्षेत्रों के 863 बूथों में मतदान की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। नजदीकी क्षेत्रों के लिए मंगलवार सुबह पोलिंग पार्टियां रवाना हुईं। सभी पोलिंग पार्टियां बूथों में पहुंच चुकी हैं और देर शाम बूथों में इलेक्ट्रानिक वोटिंग मशीनें लगा दी गई हैं। बुधवार को सभी मतदान केंद्रों में प्रात: आठ बजे से मतदान शुरू हो जाएगा। इधर सामान्य प्रेक्षक प्रियंक भारती ने कार्मिकों को उनकी सामग्री का वितरण एवं उनके प्रस्थान की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों से मुस्तैदी से मतदान कार्य को संपन्न कराने के निर्देश दिए।
जीआईसी स्थित अल्मोड़ा विधानसभा की 84 पोलिंग पार्टियों को सामान्य प्रेक्षक प्रियंक भारती ने रवाना किया। इससे पूर्व उन्होंने पोलिंग पार्टियों से जानकारी प्राप्त की और ईवीएम मशीन के बारे में पूछताछ की। उन्होंने मतदान प्रक्रिया में लगे सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को चुनाव आयोग के नियमानुसार कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने रिटर्निंग आफिसरों, जोनल और सेक्टर मजिस्ट्रेटों से अपने-अपने क्षेत्र में कानून व्यवस्था पर पैनी निगाह बनाए रखने के भी निर्देश दिए। इससे पहले सोमवार को अल्मोड़ा, जागेश्वर और सोमेश्वर विधानसभा की 368 पोलिंग पार्टियों की रवानगी हुई थी। इस अवसर पर उप निर्वाचन अधिकारी केएस टोलिया, रिटर्निंग आफिसर विवेक राय, प्रशिक्षण प्रभारी डीडी पंत, आपदा प्रबंधन अधिकारी राकेश जोशी, सहायक निर्वाचन अधिकारी आरसी आर्या, सूचना विज्ञान अधिकारी राजेश तिवारी समेत चुनाव से जुड़े नोडल अधिकारी, प्रभारी अधिकारी आदि मौजूद थेे।