अल्मोड़ा। जिला मुख्यालय से रानीखेत के लिए बस सेवा नहीं है। बस की कमी से रानीखेत जाने वाले यात्रियों को परेशानी से जूझना पड़ रहा है। वर्ष 2005 से पूर्व इन रूटों पर बसों का संचालन होता था। बसों का संचालन पूरी तरह ठप है। इससे क्षेत्र के लोग टैक्सी के सहारे सफर करने के लिए मजबूर हैं। लोगों ने जिला मुख्यालय से रानीखेत के लिए बस सेवा संचालित करने की मांग की है।
अल्मोड़ा जिला मुख्यालय से रानीखेत के लिए रोड़वेज की कोई बस सेवा नहीं है। कोसी, कठपुड़िया, द्वारसों, मजखाली, नैनी इलाकों से काफी संख्या ग्रामीण लोग रानीखेत और रानीखेत से लोग जिला मुख्यालय आवाजाही करते हैं। इस रूट पर बस सेवा नहीं होने के कारण लोग टैक्सी में 500 रुपये किराया चुकाकर आवाजाही करते हैं। इससे यात्रियों की जेब ढीली हो रही है। कई बार टैक्सी नहीं मिलने के कारण यात्रियों को दिक्कतें झेलनी पड़ती हैं। इसके अलावा बुजुर्ग, दिव्यांग और छात्राओं को निशुल्क यात्रा का लाभ नहीं मिल पा रहा है।
वर्जन
अगर बस सेवा होती तो हम जैसे बुजुर्गों को निशुल्क यात्रा का लाभ मिलता। बस सेवा बंद होने से अब टैक्सी में किराया देकर सफर करना पड़ रहा है। - अगस्त लाल शाह, रानीखेत
-
बस में ज्यादा परेशानी नहीं होती। छोटे वाहनों में सफर करना मुश्किल होता है। यदि बस संचालित होती हो हमारी परेशानी काफी हद तक कम हो जाती। -कुंती देवी, चिनयानौला
वर्ष 2005 से पहले रानीखेत-अल्मोड़ा बसों का संचालन होता था। लगभग 20 साल से रानीखेत-अल्मोड़ा के लिए बस सेवा नहीं है। बस संचालित होना चाहिए। - आनंद अग्रवाल, रानीखेत
कोट
वर्तमान में डिपो के पास 29 बसें हैं। सभी बसों का संचालन नियमित हैं। परिवहन निगम मुख्यालय से बसों के मिलते ही अल्मोड़ा-रानीखेत रूट पर बसों का संचालन करने पर विचार किया जाएगा। - विजय तिवारी, सहायक महाप्रबंधक, अल्मोड़ा डिपो