विश्व रक्तदाता दिवस के उपलक्ष्य में अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से दो दिवसीय रक्तदान शिविर शुरू हो गया है। पहले दिन यहां 13-सिख रेजीमेंट मुख्यालय में आयोजित रक्तदान शिविर में सैनिकों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया और 45 जवानों और जेसीओ समेत 46 लोगों ने रक्तदान किया। 13-सिख रेजीमेंट के कमान अधिकारी कर्नल हर्ष मिश्रा ने रक्तदान करने वाले कई जवानों और अधिकारियों को अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से प्रमाणपत्र भी प्रदान किए।
सेना के गोरखा हॉल में अमर उजाला फाउंडेशन द्वारा जिला रेड क्रॉस सोसाइटी के सहयोग से प्रात: 9.30 बजे से आयोजित रक्तदान शिविर में सेना के जवान सुबह से ही रक्त देने पहुंच गए। जिला अस्पताल के ब्लड बैंक प्रभारी डॉ.आरएस शाही और रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष किशन गुरुरानी के नेतृत्व में जिला अस्पताल की ब्लड बैंक टीम ने चार-चार के ग्रुप में रक्त लेना शुरू किया। दोपहर तक चले इस कार्यक्रम में 45 जवानों और जेसीओ आदि ने रक्तदान किया। मुख्य अतिथि 13-सिख रेजीमेंट के कमान अधिकारी कर्नल हर्ष मिश्रा ने रक्तदान करने वाले अधिकारियों और जवानों को अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से प्रमाणपत्र भी प्रदान किए गए। पालिकाध्यक्ष प्रकाश चंद्र जोशी ने रक्तदान करने वाले सिख रेजीमेंट के जवानों की सराहना करते हुए कमान अधिकारी कर्नल हर्ष मिश्रा और ले.कर्नल सन्नी राठी आदि का आभार जताया। उन्होंने भी अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से रक्तदान करने वाले कई जवानों को प्रमाणपत्र प्रदान किए। शिविर के आयोजन में रेडक्रॉस सोसायटी से जुड़े बीएस मनकोटी, डॉ. हेमलता भट्ट, मनोज सनवाल, गिरीश मल्होत्रा, डॉ. जेसी दुर्गापाल आदि के अलावा मनोज सनवाल, ब्लड बैंक प्रभारी डा.आरएस शाही, तकनीशियन प्रकाश कपकोटी, मनोज धानिक, कैलाश, खीमा नंद पांडे आदि ने सहयोग किया। इस मौके पर डिप्टी सीएमओ डॉ. सविता ह्यांकी, प्रो. विजया ढौंडियाल आदि मौजूद थे।
एक छात्रा अमर उजाला पढ़कर खुद पहुंची रक्त देने
अल्मोड़ा। अमर उजाला में रक्तदान शिविर के बारे में जानकारी मिलने पर एक छात्रा ने 13-सिख रेजीमेंट मुख्यालय पहुंचकर रक्तदान करने की इच्छा जताई। रक्तदान में सहयोग करने वाली टीम ने जवानों के साथ ही इस छात्रा से रक्त एकत्र किया।
आज जिला अस्पताल में होगा रक्तदान शिविर
अल्मोड़ा। अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर शुक्रवार को प्रात: 9.30 बजे से 14 जून को जिला अस्पताल में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जा रहा है। रक्तदान शिविर की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। इधर जिला अस्पताल में ब्लड बैंक के प्रभारी डॉ.आरएस शाही ने बताया कि उनकी पूरी टीम रक्तदान शिविर के आयोजन में सहयोग करेगी।
रानीखेत कैंट डिस्पेंसरी में आज लगेगा स्वैच्छिक रक्तदान शिविर
रानीखेत (अल्मोड़ा)। अमर उजाला फाउंडेशन, छावनी परिषद और गोविंद सिंह माहरा राजकीय अस्पताल की ओर से 14 जून को यहां छावनी परिषद की डिस्पेंसरी में ब्लड डोनेशन कैंप का आयोजन किया जाएगा। जिसमें पुलिस अधिकारी जवान और अन्य लोग स्वैच्छिक रक्तदान करेंगे। रक्तदान करने वाले लोग सुबह 10 बजे डिस्पेंसरी पहुंचकर रक्तदान कर सकते हैं।