अल्मोड़ा। भिकियासैंण क्षेत्र के राजकीय इंटर कालेज में प्रभारी प्रधानाचार्य द्वारा छात्राओं के साथ अश्लील हरकतें करने के मामले में जल्द ही संबंधित प्रभारी प्रधानाचार्य का स्पष्टीकरण लिया जाएगा।
बता दें कि भिकियासैंण क्षेत्र के एक राजकीय इंटर कॉलेज में कार्यरत प्रभारी प्रधानाचार्य पर लंबे समय से विद्यालय में अध्ययनरत छात्राओं को गलत तरीके से छूने और उनके साथ अश्लील बातें करने का आरोप लगा है। इन दिनों विद्यालय बंद हैं लेकिन आरोपी छात्राओं को फोन करके परेशान करता है। छात्राओं ने हिम्मत जुटाकर चाइल्ड हेल्पलाइन सल्ट में शिक्षक की शिकायत की। हेल्पलाइन की ओर से अपने स्तर से कार्रवाई करने के बाद सब सेंटर सल्ट ने बाल कल्याण समिति अल्मोड़ा को लिखित शिकायत भेज दी। यहां से मामला डीएम और एसएसपी के पास पहुंचा। इधर मुख्य शिक्षाधिकारी एचबी चंद ने बताया कि जल्द ही संबंधित प्रभारी प्रधानाचार्य का स्पष्टीकरण लेकर जांच की जाएगी। इसके लिए क्षेत्र के बीईओ को भी निर्देश दिए गए हैं।