रानीखेत (अल्मोड़ा)। उप जिला चिकित्सालय रानीखेत में 108 एंबुलेंस की कमी के चलते मरीजों और तीमारदारों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल में केवल एक ही 108 एंबुलेंस तैनात होने के कारण उसके व्यस्त रहने पर गंभीर मरीजों को रेफर करने के लिए दूसरे स्थानों से एंबुलेंस मंगानी पड़ रही है। ऐसे में कई बार मरीजों के परिजनों को मजबूरी में निजी एंबुलेंस का सहारा लेना पड़ता है।
अस्पताल से गंभीर मरीजों को हल्द्वानी समेत अन्य हायर सेंटर रेफर किया जाता है। एंबुलेंस उपलब्ध नहीं होने पर मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाने में देरी की आशंका बनी रहती है। वहीं, निजी एंबुलेंस लेने पर परिजनों को अतिरिक्त आर्थिक बोझ भी उठाना पड़ता है। स्थानीय लोगों ने अस्पताल में अतिरिक्त 108 एंबुलेंस की व्यवस्था किए जाने की मांग की है।
अस्पताल में पर्याप्त एंबुलेंस नहीं होने से आपात स्थिति में मरीजों को समय पर हायर सेंटर पहुंचाना मुश्किल हो जाता है। गंभीर मरीजों के मामले में कुछ समय की देरी भी परेशानी बढ़ा सकती है। अस्पताल में अतिरिक्त 108 एंबुलेंस होनी चाहिए : कुलदीप कुमार, स्थानीय
पहाड़ी क्षेत्र में गंभीर मरीजों को हल्द्वानी समेत अन्य हायर सेंटर रेफर किया जाता है। ऐसे में अतिरिक्त 108 एंबुलेंस की व्यवस्था होने से मरीजों को समय पर उपचार मिल सकेगा और परिजनों को निजी एंबुलेंस पर होने वाला अतिरिक्त खर्च भी नहीं उठाना पड़ेगा। : कुंदन सिंह, स्थानीय
रानीखेत अस्पताल से रेफर के मामले अधिक होने के कारण एंबुलेंस व्यस्त रहती है। लेकिन अधिक से अधिक मरीजों को सुविधा देने का काम किया जाता है। - कमल शर्मा, 108 प्रभारी, अल्मोड़ा