बागेश्वर। कांडा तहसील क्षेत्र के धपोलासेरा में स्थित गोपेश्वर महादेव मंदिर में आगामी नौ से 17 फरवरी तक संगीतमय शिव महापुराण कथा का आयोजन किया जाएगा। कथा का शुभारंभ भव्य कलश यात्रा से होगा। मंदिर समिति ने तैयारियां तेज कर दीं हैं।
आयोजन समिति के अध्यक्ष हयात सिंह धपोला की अध्यक्षता में तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए बैठक हुई। इस दौरान स्वागत, अनुशासन, जलपान, पांडाल, भोजन, भंडार, स्वच्छता समितियों का गठन कर ग्रामीणों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं। बैठक में तय हुआ कि महापुराण में आचार्य दया देवकी नंदन और कस्तुवानंद कथा वाचक रहेंगे। बैठक में ग्राम प्रधान गौरव धपोला, दरपान धपोला, सुरेंद्र भंडारी, लक्ष्मण धपोला, आनंद माजिला, रामचंद्र जोशी, दीपक पांडेय, शंकर लाल, विनोद कुमार आदि मौजूद रहे।