पशु प्रदर्शनी में पशुपालक और चैंपियन गाय।
- फोटो : ALMORA
धौलछीना (अल्मोड़ा)। पशुपालन विभाग की ओर से भैंसियाछाना के बाड़ेछीना में आयोजित पशु प्रदर्शनी में शेखर पांडे की गाय सभी वर्गों में सर्वश्रेष्ठ रही। इस दौरान प्रतियोगिता में विजेता, उपविजेता समेत तमाम पशु पालकों को पुरस्कृत किया गया।
बतौर मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि दीपक पांडे और विशिष्ट अतिथि योगी जालंधर नाथ ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। नौ वर्गों में आयोजित पशु प्रदर्शनी प्रतियोगिता में कुल 115 पशुपालक और 97 पशुओं ने हिस्सा लिया। स्वदेशी दुधारू गाय में आशा देवी की गाय ने पहला स्थान प्राप्त किया। स्वदेशी सूखी में हरीश राम और क्रॉस ब्रीड दुधारू श्रेणी में जमन सिंह देवड़ी की गायें पहले स्थान पर रहीं। क्रॉस ब्रीड सुखी में भगवती देवी और दुधारू भैंस में हीरा राम की भैंस अव्वल रहीं। इस मौके पर मुख्य पशु चिकित्साधिकारी अल्मोड़ा डॉ. रविंद्र चंद्रा ने पशुपालकों को वर्तमान में चल रही विभिन्न लाभदायक योजनाओं और उन्नत पशुपालन संबंधी जानकारी विस्तार से दी। मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से पशुपालकों का उत्साहवर्धन होगा, उन्होंने पशुपालन को बढ़ावा देने पर जोर दिया। इस अवसर पर पशु चिकित्सक डॉ. रचना टम्टा, डॉ. दीपक मेहरा, डॉ. कमल दुर्गापाल, डॉ. करन गुप्ता, डॉ. मोनिका जोशी, डॉ. आलोक जोशी, डॉ. पूजा बाटला, रविंद्र सिंह राणा आदि थे।
फोटो-(06एएलएम01पी)