अल्मोड़ा कलक्ट्रेट सभागार में जागेश्वर श्रावणी मेले की तैयारी को लेकर बैठक लेते डीएम नितिन सिंह
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा। प्रसिद्ध जागेश्वर धाम में श्रावणी मेला 17 जुलाई से शुरू होगा। मेले की तैयारियों को लेकर कलक्ट्रेट में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने मेले की तैयारियों को लेकर अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने 15 जुलाई तक मेले की सभी तैयारियां पूरी कर लेने के निर्देश दिए। श्रावणी मेला 16 अगस्त तक चलेगा।
उन्होंने केएमवीएन के अधिकारियों को निर्देश दिए कि शेष कार्यों को दो दिन के भीतर पूर्ण कर लें, अन्यथा उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। लोनिवि के अधिकारियों को भी जागेश्वर धाम को जाने वाली सड़क में इंटरलॉकिंग टाइल्स और नालियों की सफाई दो दिन के भीतर पूर्ण करने के निर्देश दिए। मेला अवधि के दौरान सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने को जिला पंचायत के अधिकारियों से कहा। उन्होंने बताया कि मेला परिसर को पांच सेक्टरो में बांटा गया है।
14 जुलाई तक पुलिस चौकी भी मेला परिसर में स्थापित हो जाएगी। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए संस्कृति विभाग को निर्देश दिए कि कार्यक्रमों की रूपरेखा और समय प्रबंधन समन्वय स्थापित कर करवाना सुनिश्चित करें। मेला अवधि के दौरान विभागों के स्टॉल भी लगाए जाएंगे। यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए नवनिर्मित पार्किंग तक ही वाहनों को जाने की अनुमति दी जाएगी। उसके बाद श्रद्धालु पैदल ही मंदिर तक जाएंगे। हालांकि वृद्धजनों और पैदल नहीं चल पाने वाले श्रद्धालुओं के लिए गाड़ी की व्यवस्था भी की जाएगी।
डीएम ने मेला अवधि में एक हेल्प डेस्क बनाने के निर्देश भी मेला समिति के पदाधिकारियों को दिए। बैठक में उप जिलाधिकारी जैंती-भनोली मोनिका, मंदिर समिति के प्रबंधक भगवान भट्ट, उपाध्यक्ष गोविंद गोपाल, डीएसपी कमल राम आर्या, सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी आलोक जोशी, ईई लोनिवि बीसी पंत, पूर्ति अधिकारी जगदीश वर्मा, प्रभारी संग्रहालय डॉ. ज्ञान प्रकाश तिवारी, पर्यटन विकास अधिकारी राहुल चौबे आदि उपस्थित थे।