अल्मोड़ा। पुलिस स्मृति दिवस पर अल्मोड़ा पुलिस ने विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया। एसएसपी प्रहलाद नारायण मीणा ने शहीद स्मारक पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। दिवंगत शहीदों की आत्मा की शांति के लिए मौन रख श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान शहीदों के परिजनों को सम्मानित भी किया गया।
पुलिस लाइन में एसएसपी मीणा ने कहा कि देशभर में इस साल कुल 265 पुलिस कर्मी शहीद हुए। इनमें उत्तराखंड के छह जवान भी शामिल हैं। उन्होंने सभी शहीदों को श्रद्धा सुमन अर्पित किए। अल्मोड़ा में 2005, 2013, 2014 और 2019 में अपने कर्तव्य का पालन करते हुए अपनी जान की बाजी लगाकर वीरगति को प्राप्त आरक्षी गिरीश चंद्र, संजय कुमार, महेश सिंह, अजय खाती, हेड कांस्टेबल नारायण सिंह तोमक्याल, एसआई हितेश चौंसाली को याद किया गया। अल्मोड़ा कोतवाली में कोतवाल हरेंद्र चौधरी ने शहीद आरक्षी कैलाश आर्या के भाई भुवन चंद्र, एसआई बिशन राम की पुत्री प्रियंका, महिला कांस्टेबल वीरबाला सार्की की माता माया देवी, एसआई माया बिष्ट के पिता आनंद सिंह, आरक्षी नंदन सिंह के पिता बिशन सिंह को सम्मानित किया। वहां सीओ वीर सिंह, दूरसंचार पुलिस उपाधीक्षक राजीव कुमार, प्रतिसार निरीक्षक अशोक कुमार, एलआईयू निरीक्षक कमल पाठक, डीसीआरबी निरीक्षक भूपेंद्र बृजवाल, एसओजी प्रभारी नीरज भाकुनी, एसआई गणेश सिंह हरड़िया आदि रहे।
पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद जवानों को अर्पित की श्रद्धांजलि
अल्मोड़ा। एसएसबी क्षेत्रक मुख्यालय एनटीडी में पुलिस स्मृति दिवस मनाया गया। इस मौके पर 61 साल पूर्व आज ही के दिन लद्दाख के हाट स्प्रिंग नामक स्थान पर कर्तव्यों का निर्वहन करते हुए शहीद हुए वीर पुलिस कर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। उपमहानिरीक्षक अनुज थपलियाल ने शहीद जवानों को पुष्प चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित की। जवानों ने सलामी दी और शोक शस्त्र के साथ सभी कार्मिकों ने दो मिनट का मौन रखा। वहां उप कमांडेंट संचार दिवाकर भट्ट, उप कमांडेंट शैलेंद्र कुमार सिंह, सहायक कमांडेंट सुरेश पाल के अलावा अधीनस्थ अधिकारी और जवान मौजूद रहे।