हिमोत्सव में नाटक प्रस्तुत करते कलाकार।
- फोटो : अमर उजाला
कुमाऊं विश्वविद्यालय के एसएसजे परिसर अल्मोड़ा के ऑडिटोरियम में आयोजित तीन दिवसीय सांस्कृतिक समारोह हिमोत्सव के समापन पर छात्र-छात्राओं ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत कर इंद्रधनुषी रंग बिखेरे। कला संकाय के छात्र-छात्राओं ने शहीद अमर प्रताप सिंह के जीवन पर आधारित नाटक का भावपूर्ण मंचन किया।
विज्ञान संकाय के छात्र-छात्राओं ने मैं भारत हूं नाटक प्रस्तुत कर भारत की वैभवशाली परंपरा को उजागर किया। शिक्षा संकाय के विद्यार्थियों ने समाज में लगातार बढ़ रही छेड़छाड़ की घटनाओं को नाटक के माध्यम से उजागार किया और संदेश दिया कि पहले खुद सुधरना होगा तब समाज सुधर सकेगा। परिसर के अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. प्रवीण बिष्ट ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों में छात्र-छात्राओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलता है। परिसर निदेशक प्रो. आरएस पथनी ने कहा कि युवाओं को अपनी कला संस्कृति का भी ज्ञान होना चाहिए।
कुलानुशासक डॉ. देवेंद्र सिंह बिष्ट ने कहा कि हिमोत्सव में परिसर के विभिन्न संकायों के छात्र-छात्राओं ने शानदार कार्यक्रमों की प्रस्तुति देकर प्रतिभा का परिचय दिया। हिमोत्सव के मुख्य सांस्कृतिक संयोजक महेंद्र सिंह मेहरा ने तीन दिनी हिमोत्सव के शांतिपूर्वक संपन्न होने पर छात्र-छात्राओं, परिसर कर्मचारियों और प्राध्यापकों का आभार जताया। इस मौके पर मीडिया प्रभारी डॉ. ललित जोशी, डॉ. साक्षी तिवारी, अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रभारी मनीष तिवारी आदि मौजूद थे।