नागरिक अस्पताल रानीखेत में स्त्री रोग विशेषज्ञ की सुविधा का मिलेगा लाभ
अल्मोड़ा। जिले में चिकित्सकों की कमी जल्द दूर हो जाएगी। साथ ही लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलना शुरू हो जाएगी। सचिव चिकित्सा डॉ. आर राजेश कुमार की ओर से जारी किए गए आदेश के मुताबिक जिला अस्पताल में एमडी एनेस्थीसियोलॉजी में डॉ. कृतिका द्विवेदी, एमडी फॉरेंसिक मेडिसिन में डॉ. मयंक किशोर चंद्र, एनेस्थीशियोलॉजी में डॉ. साक्षी, ईएनटी में डॉ. मोनिका सम्मल, एमडी पैथोलॉजी में डॉ. कपिल तिवारी और जिला अस्पताल के अधीन महिला अस्पताल में एनेस्थीशियोलॉजी में डॉ. नमिता चौहान को तैनाती दी गई है। नागरिक अस्पताल रानीखेत में ऑब्स एंड गायनी में डॉ. कमल किशोर को नियुक्ति दी गई है। इनमें से कुछ डॉक्टरों को जिले के ही अन्य अस्पतालों में नियुक्ति दी गई है।
बागेश्वर में बालरोग विशेषज्ञ, जनरल सर्जन और ईएनटी नियुक्त
बागेश्वर। जिला अस्पताल को तीन नए चिकित्सक मिले हैं। मंगलवार को स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर राजेश कुमार के हस्ताक्षर से जारी सूचना के अनुसार पीएचसी कमेड़ीदेवी में तैनात डॉ. अंकित कुमार को जिला अस्पताल में बाल रोग विशेषज्ञ के पद पर, सीएचसी बैजनाथ में तैनात डॉ. अरुण प्रकाश को ईएनटी के पद पर और पीएचसी धारी डोबा में तैनात डॉ. अनु कोहली को जनरल सर्जन के पद पर यहां तैनात किया गया है। प्रभारी सीएमएस डॉ. एएम शर्मा ने बताया कि बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. कुमार ने जिला अस्पताल में तैनाती दी है। अन्य चिकित्सक भी जल्द कार्यभार ग्रहण करेंंगे। अस्पताल में रोजाना 600 से अधिक रोगी उपचार के लिए पहुंचते हैं। कुछ समय पूर्व जिला अस्पताल में तैनात बाल रोग विशेषज्ञ का अनुबंध पूरा होने के बाद उन्होंने जिला अस्पताल में सेवा देना बंद कर दिया था।