ताड़ीखेत विकासखंड के विद्यालयों को सात अतिथि शिक्षक मिल गए हैं। बीईओ कार्यालय में हुई काउंसलिंग में कुल 10 अतिथि शिक्षक पहुंचे थे, जिनमें से सात शिक्षकों को तैनाती मिली, जबकि संस्कृत और कला विषय में पद रिक्त नहीं होने के कारण तीन शिक्षकों को तैनाती नहीं मिल सकी। इन शिक्षकों की फिर से काउंसलिंग होगी। अतिथि शिक्षकों के आने से शिक्षकों की कमी कुछ कम होने की उम्मीद है।
अतिथि शिक्षक चयन समिति के अध्यक्ष एसडीएम रजा अब्बास की अध्यक्षता में अतिथि शिक्षकों की काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू हुई। पिछले सत्र में कुल 13 अतिथि शिक्षक ब्लॉक के विभिन्न विद्यालयों में तैनात थे। दो शिक्षकों को मूल विद्यालय में तैनाती मिलने के कारण कुल 11 शिक्षकों को काउंसलिंग के लिए बुलाया गया था। जिनमें से कुल 10 शिक्षक ही काउंसलिंग के लिए पहुंचे। इनमें से सात शिक्षकों को अंग्रेजी, गणित, हिंदी आदि विषयों के लिए विभिन्न विद्यालयों में तैनाती दी गई। जबकि संस्कृत और कला विषय में पद रिक्त नहीं होने के कारण तीन शिक्षकों की काउंसलिंग नहीं हो पाई।
अब इन शिक्षकों की काउंसलिंग जिला स्तर पर होगी। काउंसलिंग में मुख्य शिक्षा अधिकारी प्रतिनिधि उप शिक्षा अधिकारी गीतिका जोशी, अतिथि शिक्षक समिति के सदस्य तथा खंड शिक्षा अधिकारी एचआर राजन और समिति सदस्य रोशन लाल टम्टा आदि मौजूद थे।