प्रधान डाकघर में जमा निकासी काउंटर में अपनी बारी का इंतजार करते लोग। संवाद
- फोटो : ALMORA
अल्मोड़ा। प्रधान डाकघर में आए दिन सर्वर डाउन होने से ग्राहकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जिसके चलते जमा निकासी रजिस्ट्री, स्पीड पोस्ट, बीमा के लिए लोगों को घंटो लाइनों में लग कर अपनी बारी को इंतजार करना पड़ रहा है। सोमवार को भी सर्वर डाउन होने से लोगों ने लाइनों में लग कर लंबा इंतजार किया।
माल रोड स्थित प्रधान डाकघर में शनिवार को सर्वर डाउन होने से ग्राहकों को घंटों इंतजार करने के बाद वापस लौटना पड़ा। सोमवार को भी सर्वर डाउन होने से लोगों ने लाइनों में लग कर लंबा इंतजार किया। लोगों के मुताबिक दो दिन से धनराशि जमा करने के लिए आ प्रधान डाकघर पहुंच रहें हैं लेकिन सर्वर डाउन होने की वजह से काम ही नहीं हो पा रहा है।
आलम यह है कि सुबह से ही जमा निकासी, स्पीड पोस्ट, पासबुक एंट्री सहित सभी काउंटरों पर लोगों की भीड़ लग रही है। व्यवस्थाओं से नाराज लोगों ने कहा कि आधार कार्ड बनवाने और अपडेट आदि काम तो प्रधान डाकघर में कितनी दिनों से नहीं किया जा रहा है, जिसकी ग्राहकों के पास कोई सूचना नहीं होने से उनका समय बर्बाद हो रहा है। बाड़ेछीना, कोसी, चितई, लोधिया सहित आसपास के इलाकों से लोग रोजना प्रधान डाकघर में पहुंचे हैं, बिना काम हुए ही वापस लौटना पड़ रहा है।
सर्वर डाउन की समस्या अकेले यहां नहीं हैं। इसका संबंध केंद्रीय सर्वर से है। वहां दिक्कत होने पर सभी जगह सेवाएं बाधित होती हैं। उच्चाधिकारियों को समस्या से अवगत करा दिया गया है। संवाद
ललित जोशी, पोस्टमास्टर प्रधान डाकघर