मौलेखाल (अल्मोड़ा)। सल्ट विकासखंड के बाजारों में पुलिस और राजस्व विभाग ने अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान व्यापारी टीम को देखते ही सड़क और रास्तों तक फैलाए सामान को समेटने में लगे रहे।
रविवार को सल्ट के देघाट, भरसोली, सुरमौली बाजार में तहसीलदार दीवान गिरी गोस्वामी और राहुल राठी के नेतृत्व में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया गया। टीम को देखते ही व्यापारी दुकानों के बाहर तक फैले सामान को समेटते नजर आए। तहसीलदार दीवान गिरी गोस्वामी ने बताया कि व्यापारी सड़कों और रास्तों तक सामान फैला रहे हैं। लोगों को दिक्कत हो रही है। बाजार में जाम लग रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि कहीं भी अतिक्रमण किया तो कठोर कार्रवाई होगी। संवाद
फोटो- 14 एएलएम 12 पी- देघाट में अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाती पुलिस और राजस्व विभाग की टीम। संवाद
................
रानीखेत नगर में सड़क घेरने वाले अतिक्रमणकारियों पर चला डंडा
रानीखेत (अल्मोड़ा)। नगर की बदहाल यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए पुलिस और छावनी प्रशासन ने दुकान के आगे सड़क घेरने वालों और रेहड़ी, अन्य फड़ व्यापारियों के खिलाफ अभियान चलाया।
लंबे समय से नगर की मुख्य बाजार में आए दिन वाहनों का जाम लग रहा था और राहगीरों को परेशानी हो रही थी। इधर, पर्यटन सीजन को देखते हुए छावनी परिषद और पुलिस प्रशासन ने बाजार का निरीक्षण किया। इस दौरान दुकानों के आगे तक सामान फैलाने वाले दुकानदारों और सफेद पट्टी से बाहर फड़ लगाने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर सामान जब्त किया। इस दौरान कई दुकानदारों के चालान भी किए गए। रविवार को चले अभियान में सड़क तक लगी तीन रेहड़ियों को जब्त किया गया। चार फोल्डिंग चारपाई पर सामान बेचने वालों पर कार्रवाई की गई। कई लोग प्लास्टिक कैरेट लगाकर सड़क पर सामान बेच रहे थे। 25 से 30 लोगों का सामान जब्त किया गया। दुकानों के आगे तक सामान फैलाने वाले आठ लोगों के चालान काट उन्हें चेतावनी दी गई। पुलिस की ओर से कमान कोतवाल अरुण कुमार ने संभाली जबकि छावनी परिषद की ओर से स्वच्छता निरीक्षक एपी सिंह, राजस्व अधीक्षक राजेंद्र पंत, स्वच्छता निरीक्षक चंदन सिंह आदि शामिल रहे।
बाक्स
कार्यभार संभालते ही हरकत में आए नए कोतवाल
रानीखेत। कोतवाल अरुण कुमार ने कार्यभार संभालते ही नगर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था को ठीक करने का निर्णय लिया। उन्होंने कहा कि युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृति को लेकर भी अभियान चलाया जाएगा। भवन स्वामियों से किरायेदारों का हर हाल में पुलिस सत्यापन कराने को कहा है। कोतवाल ने नगर के रेस्टोरेंट, ढाबों का निरीक्षण शराब पिलाने वालों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की भी चेतावनी दी है।