रानीखेत (अल्मोड़ा)। भारी बारिश के बाद रानीखेत तहसील के जूनियर हाईस्कूल और जीआईसी की सुरक्षा दीवार ध्वस्त होने से दोनों स्कूल खतरे में आ गए हैं। विद्यालय भवन के गिरने का खतरा बढ़ गया है। स्कूल जाने वाला रास्ता बंद होने से विद्यार्थी और शिक्षक परेशान हैं।
बीते सोमवार हुई भारी बारिश के बाद जूनियर हाईस्कूल नौगांव और जीआईसी की सुरक्षा दीवार ढह गई। इससे दोनों विद्यालय आपदा की जद में आ गए हैं। भूस्खलन होने से विद्यालय भवन की नींव भी कमजोर हो गई है इससे खतरा बढ़ गया है। यहां 95 विद्यार्थी जान जोखिम में डालकर पढ़ाई कर रहे हैं। बीते दिनों हुई बारिश के बाद विद्यालयों को जोड़ने वाला पैदल रास्ता भी क्षतिग्रस्त हो गया था। छात्र-छात्राएं और शिक्षक किसी तरह मलबे और पत्थरों से पटे रास्ते पर आवाजाही कर स्कूल पहुंच रहे हैं। अभिभावक नंदन सिंह करायत, हरीश सिंह परिहार, महेंद्र कनवाल, गोविंद सिंह, कुबेर सिंह, जीवन सिंह आदि ने प्रशासन से छात्र-छात्रआओं की सुरक्षा को देखते हुए जल्द उचित कदम उठाने की मांग की है।
संतोष कुमार बुधलाकोटी, प्रधानाचार्य, जीआईसी नौगांव ने बताया कि बारिश के बाद हुए भूस्खलन से विद्यालयों की सुरक्षा दीवार ध्वस्त हो गई है। ऐसे में विद्यालय भी खतरे की जद में हैं। घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी गई है।