क्षेत्र की मेधावी छात्रा सुनीता आर्या वैज्ञानिक बनेंगी। जेएनयू दिल्ली से एमटेक कर रहीं सुनीता का चयन इसरो के लिए हुआ है।
चौखुटिया अंतर्गत बरलगांव निवासी सुनीता आर्या पुत्री मोहन राम वैज्ञानिक बनेंगी। उनका चयन भारतीय विज्ञान अनुसंधान केंद्र (इसरो) के लिए हुआ है। सुनीता ने जूनियर तक की शिक्षा चौखुटिया के बोनाफाइड पब्लिक स्कूल में ग्रहण की। इंटर जवाहर नवोदय विद्यालय ताड़ीखेत से किया। बीटेक कुमाऊं इंजीनियरिंग कालेज द्वाराहाट से किया। वर्तमान में वह जेएनयू दिल्ली से एमटेक कर रही हैं। सुनीता ने बताया कि इसरो की कुल 44 सीटों के लिए लिखित परीक्षा के बाद साक्षात्कार हुआ था जिसमें उनका चयन हुआ है।
सुनीता ने दिल्ली से फोन पर हुई बातचीत में बताया कि बचपन में उनका वैज्ञानिक बनने का कोई इरादा नही था, परंतु बाद में देश के लिए कुछ बड़ा करने की इच्छा के चलते उन्होंने विज्ञान के क्षेत्र में अनुसंधान करने की ठान ली। इसी के चलते इसरो की राह पकड़ी है। कहा कि वे अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता के साथ ही बोनाफाइड स्कूल के शिक्षकों को देती हैं जिनके बताए मार्ग पर चलकर उन्होंने ये मुकाम हासिल किया है।