जर्जर हालत में पहुंचा राजकीय प्राथमिक स्कूल सीपालथौड़ का भवन
- फोटो : अमर उजाला
अल्मोड़ा। नियमों के विरुद्ध प्रवेश देने और छात्राओं के उत्पीड़न समेत विभिन्न अनियमितताओं पर विकासखंड धौलादेवी के अंतर्गत चगेठी में स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की वार्डन नीमा बिष्ट को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। जिलाधिकारी सविन बंसल के आदेश पर एक संयुक्त जांच टीम ने दो मई को अनियमितताओं की जांच करके जिलाधिकारी को रिपोर्ट सौंपी थी। फिलहाल नीमा बिष्ट को उप शिक्षाधिकारी कार्यालय ताड़ीखेत से संबद्ध कर दिया गया है।
जिला शिक्षाधिकारी बेसिक राय साहब यादव ने बताया कि कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय चगेठी में कई अनियमितताओं की शिकायत मिली थी। इसे देखते हुए जिलाधिकारी सविन बंसल के आदेशानुसार एक संयुक्त जांच टीम गठित की गई थी। जांच टीम में जिला शिक्षाधिकारी बेसिक के अलावा एसडीएम भनोली और जिला समन्वयक सर्व शिक्षा अभियान शामिल थे। जांच टीम ने दो मई को विद्यालय में जाकर शिकायतों की जांच की। डीईओ ने बताया कि जांच में नीमा बिष्ट पर अनुसूचित जाति और जनजाति की छात्राओं का विद्यालय से नाम काटने, छात्राओं का उत्पीड़न करने और मध्यान्ह भोजन मानक के अनुसार नहीं दिए जाने की पुष्टि हुई है।
अनियमितताओं की पुष्टि हो जाने पर जांच टीम ने नीमा बिष्ट के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की संस्तुति की थी। डीईओ ने बताया कि निलंबन की अवधि में नीमा बिष्ट को जीवन निर्वाह भत्ते के तौर पर आधा वेतन मिलेगा। निलंबन की अवधि में उन्हें उप शिक्षाधिकारी कार्यालय ताड़ीखेत से संबद्ध कर दिया गया है। इस मामले में उप शिक्षाधिकारी ताड़ीखेत अल्मोड़ा को जांच अधिकारी नामित किया गया है। उन्हें एक माह के भीतर जांच आख्या प्रस्तुत करने को कहा गया है।