अल्मोड़ा। कोरोना काल में जिले में सोमवार से 10वीं और 12वीं की कक्षाएं शुरू होंगी। इसके लिए शिक्षा विभाग ने जरूरी तैयारी पूरी कर ली है। स्कूलों को सैनिटाइज किया गया है। पढ़ाने के लिए स्कूलों ने अलग से नया टाइम टेबल भी बनाया गया है।
कोरोना के कारण सात माह से स्कूल बंद हैं। शासन के निर्देश पर शिक्षक घरों से ही बच्चों को ऑनलाइन पढ़ा रहे हैं। सरकार ने दो नवंबर से स्कूल खोलकर 10वीं और 12वीं की कक्षा संचालित करने के निर्देश दिए हैं और एसओपी भी जारी की है। इसके तहत स्कूलों को खोलने से पहले कक्षाएं सैनिटाइज करने, सफाई, शौचालय, पानी की उचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। बच्चों को मास्क पहनकर स्कूल आने और स्कूलों में कक्षाओं में उचित दूरी में बच्चों के बैठाने के निर्देश दिए हैं। सीईओ एचबी चंद ने बताया कि स्कूलों में सैनिटाइजेशन किया गया है। 10वीं और 12वीं के बच्चों की कक्षाएं सुबह साढ़े नौ बजे से शाम तीन बजे तक चलेंगी। बच्चों को पढ़ाने के लिए हाईस्कूल और इंटर के शिक्षकों को स्कूल आना होगा, जबकि अन्य शिक्षकों को फिलहाल स्कूल नहीं आना होगा। उन्होंने बताया कि ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों को स्कूलों में व्यवस्थाओं के निरीक्षण के निर्देश दिए गए थे। विभागीय अधिकारियों ने 80 हाईस्कूल और इंटर कॉलेजों का निरीक्षण किया, जहां व्यवस्थाएं ठीक पाई गई हैं।